भोपाल के बैरसिया में निजी गौशाला में गायों के शव और कंकाल मिलने पर कांग्रेस हमलावर हो गई है। सोमवार को कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया। पीसी शर्मा ने कहा कि गाय की हड्डियों और अन्य अंगों का व्यवसाय करने के लिए जानबूझकर भूखा-प्यासा रखकर मारा गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में गौ हत्या का केस दर्ज कर जिम्मेदारों को सीधा जेल भेजा जाए।
कांग्रेस के मुद्दे पर मुखर होकर सामने नहीं आने के सवाल पर पीसी शर्मा ने कहा कि आगर मालवा में गायों की मौत हुई। दतिया, मुरैना में गायों की मौत हुई। संत मिर्ची बाबा अपने घर पिपलानी से पैदल मुख्यमंत्री निवास तक जाते हैं उनको गिरफ्तार कर लिया जाता है। कांग्रेस लगातार गायों की मौत के मुद्दों को उठाती आ रही है। यह सरकार गूंगी-बहरी हो गई है।
उन्होंने कहा कि गौशाला का संचालन करने वाली निर्मला और उनका बेटा बीजेपी के नेता हैं। उन्होंने चारा और पानी नहीं देकर जानबूझकर गौ हत्या की है। उनपर हत्या का मामला दर्ज कर जेल भेजना चाहिए। गौ रक्षा की बात करें तो कमलनाथ सरकार ने 1 हजार गौ शालाएं बनाई। कमलनाथ सरकार ने बीजेपी सरकार में जो चारे का 3 रुपये शुल्क था, उसे 20 रुपये किया। बाद में बीजेपी की सरकार ने उसको दोबारा 3 रुपये कर दिया। इनकी मंशा है कि गाय की भूखमरी से जान जाएं और बाद में उसकी हड्डी और अन्य अंगों का व्यवसाय हो सके। इसके लिए पूरी बीजेपी और सरकार दोषी है।
मामले को दबाने का आरोप
पीसी शर्मा ने कहा कि गौ हत्या के मामले को दबाया जा रहा है। अभी भी छोटी सी एफआईआर करके खत्म करने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन इस बात में लगा है कि छोटे गड्डे खोदकर मृत शव को डाला जा रहा है। इस पूरे मामले को विधानसभा में उठाएंगे। इस मामले को लेकर मिर्ची बाबा फिर गृहमंत्री से मिलने जाएंगे। उन्होंने गृहमंत्री के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश को लोगों का ध्यान बांटने वाली कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि कब तक जांच करेंगे और किस-किस की जांच करेंगे। फिर कहेंगे कि अब हम नया अधिनियम ला रहे हैं।