रतलाम में कांग्रेस विधायक ने महिला एसडीएम को धमकाया
- फोटो : सोशल मीडिया
सोशल मीडिया पर कांग्रेस पार्टी के एक विधायक का धमकी भरा वीडियो शेयर किया गया है। इसमें मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के स्थानीय विधायक हर्ष विजय गहलोत महिला एसडीएम कामिनी ठाकुर को धमकाते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने एसडीएम से कहा, ‘अगर आप महिला न होतीं तो कॉलर पकड़ कर ज्ञापन देता।’
दरअसल, विपक्षी दल कांग्रेस ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीनों कृषि कानून के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। ऐसे में कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता देशभर में जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में रतलाम के सैलाना क्षेत्र में भी रविवार को कांग्रेस पार्टी के स्थानीय विधायक हर्ष विजय गहलोत के नेतृत्व में ट्रैक्टर रैली निकाली गई।
रैली के दौरान केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों के विरोध में जमकर प्रदर्शन हुआ और नारेबाजी भी की गई। वहीं, प्रदर्शन के बाद विधायक एसडीएम को एक ज्ञापन देने पहुंचे, लेकिन एसडीएम को ज्ञापन लेने के लिए बाहर आने थोड़ा सा समय लग गया। बस, इसी पर बात कांग्रेस विधायक नाराज हो गए। जब एसडीएम कामिनी ठाकुर ज्ञापन लेने पहुंचीं तो विधायक ने रौब दिखाते हुए उनसे बदतमीजी से बात की।
उन्होंने महिला एसडीएम को इंतजार करवाने पर खरी-खोटी सुनाई और कुछ देर तक वाद-विवाद किया। हर्ष विजय गहलोत एसडीएम ठाकुर को खरी खोटी सुनाने के बाद भी नहीं रुके और अंत में उन्होंने यह कह डाला की अगर आप महिला न होतीं तो कॉलर पकड़कर ज्ञापन देता। इसके बाद विधायक ज्ञापन सौंपकर वहां से चलते बने।
महिला अधिकारी को विधायक द्वारा धमकी देने वाला ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। साथ ही लोग विधायक की महिला अिधकारी के साथ हुई ऐसी बातचीत की सोशल मीडिया पर काफी निंदा भी कर रहे हैं। अब देखना ये होगा कि इस वायरल वीडियो पर कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व की प्रतिक्रिया कैसी होगी।