गोवर्धन सिंह दांगी (फाइल फोटो)
- फोटो : Twitter/MP Congress
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की ब्यावरा सीट से कांग्रेस विधायक गोवर्धन सिंह दांगी का निधन हो गया है। दांगी का दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उनका देर रात निधन हो गया। दांगी कोरोना वायरस से भी संक्रमित थे। सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कांग्रेस विधायक के निधन पर दुख जताया है।
बताया गया है कि कांग्रेस विधायक लंबे समय से बीमार थे, जिसके चलते उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विधायक के निधन की खबर सुनते ही उनके समर्थकों के बीच निराशा की लहर दौड़ गई है। सभी लोगों को इस बात की उम्मीद थी की दांगी जल्द ही ठीक होकर क्षेत्र में लौटेंगे। लेकिन, उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, दांगी कोरोना वायरस से भी संक्रमित हो गए थे। इस कारण उनके शरीर के अंगों ने साथ देना छोड़ दिया था और मल्टीपल ऑर्गन फेलियर की वजह से उनका निधन हो गया। बताया गया है कि विधायक के बेटे लक्ष्मण सिंह दांगी उनके शव को लेकर ब्यावरा आ रहे हैं।
मध्यप्रदेश में जल्द ही विधानसभा उपचुनाव होने वाले हैं, वहीं अब विधायक के निधन के बाद 28 सीटों पर उपचुनाव करवाए जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दांगी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सीएम चौहान ने ट्वीट कर कहा, 'मध्यप्रदेश की ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक श्री गोवर्धन सिंह दांगी जी के निधन का समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं। श्रद्धांजलि!'