भारतीय जनता पार्टी द्वारा बिहार में मुफ्त में कोरोना वैक्सीन देने का मुद्दा अभी शांत भी नहीं हुआ था कि मध्यप्रदेश उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी मुफ्त वैक्सीन का चुनावी कार्ड खेल दिया। उन्होंने कहा कि भारत में कोरोना की वैक्सीन तैयार करने का कार्य तेजी से चल रहा है, जैसे ही वैक्सीन तैयार होगी, मध्यप्रदेश के प्रत्येक नागरिक को यह मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएगी।
बता दें कि भाजपा ने गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी करते हुए एलान किया कि वह राज्य के लोगों को कोरोना वैक्सीन मुफ्त में लगाएगी। वहीं, अब इस पर विवाद शुरू हो गया है। दरअसल अब यह मामला चुनाव आयोग पहुंच गया है। एक्टिविस्ट साकेत गोखले ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करते हुए कहा कि चुनाव से पहले भाजपा का नि:शुक्ल टीके लगवाने का वादा केंद्र सरकार की शक्तियों का दुरुपयोग है।