मध्य प्रदेश के भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए जनभागीदारी अभियान की शुरुआत की। शिवराज सिंह चौहान आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए खिलौने जुटाने अशोका गार्डन इलाके में ठेला लेकर निकले, तो कुछ देर में ही खिलौनों का अंबार लग गया। इस दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि, लोगों ने मेरी कल्पना से ज्यादा इस अभियान को समर्थन दिया है। उन्होंने सिर्फ खिलौने ही नहीं एलईडी, टीवी, मेडिकल किट, स्कूल बैग, कॉपी-किताबें, कूलर और बर्तन सहित जरूरत का अन्य सामान भी दिया है।

उन्होंने कहा, जनता ने इतना प्यार दिया कि 800 मीटर की दूरी तय करने में तीन घंटे लग गए। नरेला विधानसभा के अशोका गार्डन की छोटी-सी जगह में 10 ट्रक खिलौने और अन्य जरूरी सामान एकत्रित हो गया। एक करोड़ रुपये के चेक भी लोगों ने दिए हैं। बच्चों ने अपनी गुल्लक तक आंगनवाड़ी के लिए दे दी। उन्होंने कहा, यदि पूरा भोपाल खड़ा हो गया तो कुपोषण तू कहा बचेगा रे!