केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा जब्त किए गए पोस्ता भूसे के बोरे
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्य प्रदेश के अधिकारियों ने मादक पदार्थों की तस्करी और तस्करों पर विशेष कार्रवाई अभियान के तहत 600 किलो पोस्ता भूसा, 16 किलो अफीम और ढाई लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। मुखबिर की सूचना के आधार पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो मध्य प्रदेश की टीम ने राजस्थान के चितौड़गढ़ की निम्बाहेड़ा तहसील के श्री पुरा गांव में दबिश दी। एक संदिग्ध घर की तलाशी के दौरान वहां से पोस्ता भूसे के 34 बोरे, 16 किलो अफीम और ढाई लाख रुपये बरामद किए हैं। पोस्ता भूसे के बोरे का वजन 600 किलो बताया जा रहा है।
नारकोटिक्स कमिश्नर राजेश एफ. ढाबरे ने केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की फील्ड इकाइयों को 5 राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए एक विशेष ड्रग-विरोधी अभियान आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सीबीएन के अधिकारियों को संवेदनशील मार्गों और मादक पदार्थों की तस्करी और तस्करी की संभावना वाले क्षेत्रों की निगरानी करने का निर्देश दिया है।
नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम श्री पुरा का रहने वाला एक व्यक्ति अपने आवास पर अफीम की अवैध तस्करी करता है। साथ ही अफीम और पोस्त भूसे के अवैध तस्करी और परिवहन में शामिल है। सीबीएन के अधिकारियों की दो टीमों, टीम नीमच और टीम सिंगोली का गठन किया गया और 29 जनवरी को सुबह के समय गांव में भेजा गया। टीम ने संदिग्ध घर पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान टीम को लगभग 34 बोरी पोस्त भूसा मिला, जिसका वजन 600 किलो था वहीं 16 किलो अफीम और 2.5 लाख रुपये नकद बरामद किया। टीम ने एक महिंद्रा पिकअप वाहन भी जब्त किया है, जिसका उपयोग मादक पदार्थों के परिवहन के लिए किया गया जाता था। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है। आगे की कार्रवाई जारी है।