मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं, ऐसे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शनिवार को दिल्ली पहुंच गए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि कमलनाथ 28 सीटों में से 13 सीटों के उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा करेंगे। कमलनाथ ग्वालियर के दो दिन के दौरे के बाद दिल्ली पहुंचे हैं।
28 सीटों में से अभी 13 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय किए जाने हैं, ऐसे में कमलनाथ उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए वरिष्ठ नेता अहमद पटेल और प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक से चर्चा करेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि बड़ा मलहरा और ब्यावरा विधानसभा सीट को छोड़कर बाकी सीटों पर नाम तय कर लिए जाएंगे।
कमलनाथ रविवार यानि आज दोपहर भोपाल वापस लौटेंगे और 22 सितंबर तक दस उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की जा सकती है। कांग्रेस पार्टी 15 सीटों पर पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। सुरखी सीट से पारुल साहू का नाम तय है, अधिकृत एलान करना अभी बाकी है।
इसके अलावा सुमावली सीट पर भाजपा से कांग्रेस में आए अजब सिंह कुशवाहा का सिंगल नाम है लेकिन पूर्व विधायक बलवीर सिंह दंडोतिया भी अपनी दावेदारी जता रहे हैं। वहीं मुरैना से सिंगल नाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश मावई का है। पोहरी सीट से एकल नाम पूर्व विधायक हरिवल्ल्भ शुक्ला का है।
ग्वालियर पूर्व से सतीश सिकरवार का नाम मजबूत उम्मीदवारों में से है। जौरा से पंकज उपाध्याय और राकेश यादव, मांधाती सीट से राजनारायण सिह कुर्नी और अमिताभ मंडलाई का नाम है। लेकिन मांधाता सीट से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विधानसभा में एंट्री करना चाहते हैं।
बदनावर सीट पर कांग्रेस पार्टी पहले विधानसभा चुनाव लड़े भंवर सिंह शेखावत के पक्ष में है। भंवर सिंह कमलनाथ और दिग्विजय सिंह से भी मिल चुके हैं। इसके अलावा मेहगांव सीट से दावेदारी ठोक रहे चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी और हेमंत कटारे ने कमलनाथ से अलग-अलग चर्चा की। मेहगांव सीट से एकल नाम नहीं तय हो पाया है।