चुनाव की आहट मिलते ही हर उम्मीदवार इस जंग को जीतने के लिए शुभ मुहूर्त में नामांकन करने की इच्छा रखता है। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में नामांकन की आखिरी तारीख 9 नवंबर तय की गई है। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग ने शुभ मुहूर्त में नामांकन करने की बाट जोह रहे उम्मीदवारों को 9 नवंबर तक नामांकन का मौका देकर एक तरह से दिवाली गिफ्ट दिया है। ज्योतिषी इस शुभ संयोग का स्वागत कर रहे हैं।
प्रत्याशी 6 दिनों की इस शुभ बेला में नामांकन करने के लिए ज्योतिषियों से मुलाकात कर रहे हैं। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक 4 नवंबर और दीपावली के दिन को छोड़कर 9 नवंबर तक की तिथियां शुभ हैं। इनमें धनतेरस का दिन सबसे शुभ रहा, यही वजह है कि इस दिन को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए चुना।
6 नवंबर, दीपावली (7 नवंबर) और भाई दूज (8 नवंबर) के दिन नया कार्य करने के लिए शुभ है। दो दर्जन से ज्यादा लोग खजराना मंदिर में नामांकन का शुभ मुहूर्त जानने पहुंच चुके हैं। लोग यहां आकर भगवान गणेश के नाम का धागा बांधते हैं और मन्नत पूरी हो जाने पर वापस यहां आकर धागा खोल देते हैं।
मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को मतदान होना है। मध्यप्रदेश में इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। भाजपा यहां 15 साल से सत्ता पर काबिज है और इस बार सीएम शिवराज सिंह से सामने सत्ता बचाए रखने की कड़ी चुनौती है।