मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 के लिए प्रचार थम चुका है। मतदान में बस कुछ ही घंटों का समय बाकी है और प्रत्याशियों की धड़कने बढ़ी हुई है। मतदान के लिए 65 हजार 341 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जहां प्रदेश के 5 करोड़ 4 लाख 95 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मगर इन सब के बीच कई ऐसी सीटें हैं जहां एक ही नाम के कई प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में मतदाताओं को संभलकर और चुनाव चिह्न देखकर मतदान करना होगा।
इन सीटों पर आमने-सामने हमनाम
पाटन विधानसभा सीट
जबलपुर की पाटन विधानसभा सीट पर अजय नाम के चार प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा के टिकट पर अजय विश्नोई हैं, वहीं इसी नाम के तीन निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। ये हैं - अजय, अजय (अज्जू) और अजय कुमार।
दमोह विधानसभा सीट
दमोह विधानसभा सीट पर राहुल नाम के चार प्रत्याशी आमने-सामने हैं। इनमें तीन निर्दलीय ताल ठोक रहे हैं । कांग्रेस ने राहुल सिंह को खड़ा किया है। जबकि राहुल भैय्या, राहुल यादव और राहुल सिंह निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।
पथरिया विधानसभा सीट
दमोह जिले की पथरिया विधानसभा सीट पर लखन नाम के तीन प्रत्याशी एक दूसरे को चुनौती दे रहे हैं। लखन पटेल भाजपा के टिकट पर लड़ रहे है, वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लखन भैय्या और लखन कुसमारिया किस्मत आजमा रहे हैं।
विजयराघवगढ़ विधानसभा सीट
कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा सीट पर पद्मा नाम की तीन महिला प्रत्याशी चुनाव लड़ रही हैं। पद्मा शुक्ला कांग्रेस की उम्मीदवार हैं जबकि पद्मा दीदी (निर्दलीय) और दीदी पद्मा (निर्दलीय)।
मुंडवारा विधानसभा सीट
कटनी जिले की मुंडवारा विधानसभा सीट पर संदीप नाम के तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल को भाजपा ने टिकट दिया है, वहीं निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में संदीप जायसवाल और संदीप नायक मैदान में हैं।
रीवा विधानसभा सीट
रीवा विधानसभा सीट से एक ही नाम और उपनाम के दो प्रत्याशी हैं। भाजपा के टिकट पर राजेंद्र शुक्ला और उनके ही नाम वाले राजेंद्र शुक्ला निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ रहे हैं।
प्रदेश में 28 नवंबर को सभी 230 सीटों पर एक साथ मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 11 दिसंबर को जारी किए जाएंगे।