मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान का समय करीब है और ऐसे में सभी राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को अपनी-अपनी ओर लुभाने के लिए कोई रास्ता नहीं छोड़ रहे हैं। ऐसे में एक नेता जी तो लोगों के जूते चमकाने तक को तैयार हो गए हैं। खास बात ये है कि इन्हें चुनाव चिन्ह भी 'जूता' ही मिला है। ऐसे में इन्होंने अपने चुनाव प्रचार की अनूठी तरकीब निकाली जो लोगों का खासा ध्यान आकर्षित कर रही है। ये हैं राष्ट्रीय आमजन पार्टी के उम्मीदवार शरद सिंह कुमार...
सिंह लोगों के जूते चमका कर अपने चुनाव चिन्ह का ध्यान दिलाते हैं और लोगों को चुनाव में जीत दिलाने का आग्रह करते हैं। सिंह ने बताया, 'जूता' एक स्वतंत्र चुनाव चिन्ह था जिसे कोई भी उम्मीदवार लेने को तैयार नहीं था लेकिन हमने इसे लिया और हम अब इसे एक आशीर्वाद में बदलकर दिखाएंगे"।
बताना चाहेंगे कि चुनाव प्रचार अभियान की अनुठी शैली में सिंह अकेले नहीं हैं, तेलंगाना विधानसभा चुनावों में किस्मत आजमा रहे एक और स्वतंत्र उम्मीदवार ऐसे हैं जिनका चुनाव प्रचार का तरीका कुछ हद तक समान है।
जगतियाल जिले के कोरुतला निर्वाचन क्षेत्र के स्वतंत्र उम्मीदवार अकुला हनुमंत इन दिनों लोगों को चप्पल बांट रहे हैं और नागरिकों से कह रहे हैं कि अगर मैं आपकी उम्मीदों पर खरा न उतरूं या आपकी मांगों को पूरा न करूं तो इन्हीं चप्पलों से मुझे पीटना। बता दें हनुमंत का चुनाव चिन्ह 'चप्पल' है। ज्ञात हो मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को 230 निर्वाचन क्षेत्रों पर मतदान होगा जिनका परिणाम 11 दिसंबर को घोषित किया जाएंगे।