चुनाव की तारीख का एलान होते ही पार्टियां अपने प्रचार-प्रसार में जोरों-शोरों से लग गई हैं। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के प्रचार के लिए जब उनकी पत्नी साधना रेहाटी गांव पहुंचीं तो उन्हें खरी-खोटी सुनने को मिली। ये वाक्या वीडियो में कैप्चर हो गया जो अब जम कर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को कांग्रेस विधायक कमलनाथ ने भी अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया।
वीडियो में जनसंपर्क और वोट की अपील करने पहुंचीं सीएम की पत्नी साधना सिंह को एक बुजुर्ग महिला मतदाता ने जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस वीडियो में जैसे ही साधना सिंह जनसंपर्क के लिए एक घर के सामने से गुजरती हैं। वहां मौजूद महिला उनको बहुत ही दबंग अंदाज में उल्टा-सीधा बोलने लगती है। वीडियों में आगे दिखाई देता है कि साधना सिंह महिला को समझाने की कोशिश करती हैं। इतने में साधना सिंह के समर्थकों के बीच में बोलने से बुजूर्ग महिला का गुस्सा '100 डिग्री' तक पहुंच जाता है और वो साधना सिंह से झल्ला कर कहती है कि- 'पांच सालों से तो प्यासे मर रहे हैं मैडम क्या करें'? जिस पर समर्थक कहते हैं कि हो जाएगा, तो अक्रोशित महिला जवाब देते हुए कहती हैं कि कब हो जाएगा, अब तक हुआ नहीं है, कब होगा..?
इसके बाद वीडियो में दिखाई दे रहा है कि स्थानीय लोग महिला से शांत होने की बात कह रहे हैं। इस पर महिला और आक्रामक हो जाती है और गुस्से में कहती है काहे की शांति, अपनी जेब गर्म हो जाए बस। इसके बाद जब साधना सिंह देखती हैं कि महिला किसी भी तरह शांत होने को तैयार नहीं है, तब वे शायद ये सोचकर वहां से आगे जाने लगती हैं कि इस विवाद का असर कहीं दूसरे मतदाताओं पर न हो जाए। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।