छत्तीसगढ़ में घूम-घूमकर कांग्रेस के लिए प्रचार करने वाले नरेंद्र मोदी के हमशक्ल अब मध्यप्रदेश में कूद चुके हैं। मोदी के हमशक्ल का नाम अभिनंदन पाठक है जो सहारनपुर के रहने वाले हैं। अभिनंदन ने 21 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर पीसीसी के संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर और संगठन प्रभारी (प्रशासन) राजीव सिंह से मुलाकात की। वो सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह से भी मुलाकात कर चुके हैं।
हालांकि, औपचारिक तौर पर वो कांग्रेस के प्रचारक नहीं हैं। पहले छत्तीसगढ़ में उन्होंने सौ से ज्यादा जनसंपर्क अभियान किए और अब मध्यप्रदेश में भी यही करने की मंशा रखते हैं।
छत्तीसगढ़ में पहले चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन तो उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात भी की थी। राहुल गांधी उस वक्त राजनांदगांव दौरे पर थे। वह जिस होटल में ठहरे हुए थे, उसी होटल के बाहर अभिनंदन उनसे मिलने पहुंचे। राहुल गांधी इसी दौरान अपनी कार से कहीं जा रहे थे। वह कार से उतरकर अभिनंदन से मिले। दोनों के बीच अभिवादन का दौर चला और राहुल प्रचार के लिए निकल गए।
मोदी से मोहभंग?
कभी खुद को मोदी का छोटा भाई बताने वाले अभिनंदन अब भाजपा से खासे खफा हैं। कुछ महीने पहले ही उन्होंने कहा था, "पार्टी के भीतर अहंकार आ गया है। लोग मुझसे पूछते हैं कि अच्छे दिन कब आएंगे। लोगों ने मेरे कपड़े फाड़ दिए, मुझे पीट दिया।" पाठक ने कहा था कि 2014 में करीब डेढ़ महीने तक उन्होंने भाजपा और नरेंद्र मोदी के लिए वाराणसी में रुककर प्रचार किया था।
मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को मतदान होना है। नतीजे 11 दिसंबर को आएंगे।