मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 28 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। अमर उजाला आपको बता रहा है मध्यप्रदेश के जमीनी हालात और उन विषयों के बारे में जो इस बार चुनावी मुद्दे हैं। इसी के मद्देनजर अमर उजाला का चुनाव रथ पहुंचा मुरैना । संवाददाता वैभव कुमार ने आम जनता और सियासी दलों से बात करके यहां मूड जानने की कोशिश की।
उन्होंने जाना कि आखिर जनता क्या चाहती है? उनके चुने हुए नेता उनकी उम्मीदों पर कितने खरे उतरे हैं? साथ ही यह भी जाना की जनता इस बार के चुनाव में किसे मौका देने का मन रखती है। टी वैली प्रायोजित अमर उजाला के खास लाइव कार्यक्रम सत्ता के सेमीफाइनल में जानिए कि मुरैना इस बार किन मुद्दों पर वोट करने वाला है। अमर उजाला के कार्यक्रम में लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।
मुरैना में अलग-अलग वर्ग की अलग-अलग समस्याएं हैं। मौजूदा सरकार के काम को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली है।
एक युवा ने बताया कि बेरोजगारी की समस्या बहुत ज्यादा है। युवाओं ने प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार से रोजगार दिलाने की मांग की।
वहीं एक युवा ने मुरैना के मूलभूत जरूरतों को बड़ी समस्या बताया। उन्होंने कहा कि शहर में गंदगी एक बड़ी समस्या है और प्रशासन को स्वच्छता की दिशा में कार्य करना चाहिए।
एक अन्य शख्स ने प्रदेश सरकार से नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार ने स्थानीय लोगों के विकास के लिए कोई काम नहीं किया है इसलिए सरकार बदलने कि अवशकता हे।
एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि शिवराज सरकार प्रदेश की जनता के मामा तो बन गए लेकिन लोगों के लिए कुछ खास कार्य नहीं किया लोगों के पास अाज भी मूलभूत सुविधाओं की कमी है। मुरैना के युवा आज भी बेरोजगारी से ग्रस्त हैं।