मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 28 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। अमर उजाला आपको बता रहा है मध्यप्रदेश के जमीनी हालात और उन विषयों के बारे में जो इस बार चुनावी मुद्दे हैं। इसी के मद्देनजर अमर उजाला का चुनाव रथ पहुंचा गुना। संवाददाता वैभव कुमार ने आम जनता और सियासी दलों से बात करके यहां मूड जानने की कोशिश की।
उन्होंने जाना कि आखिर जनता क्या चाहती है? उनके चुने हुए नेता उनकी उम्मीदों पर कितने खरे उतरे हैं? साथ ही यह भी जाना की जनता इस बार के चुनाव में किसे मौका देने का मन रखती है। टी वैली प्रायोजित अमर उजाला के खास लाइव कार्यक्रम सत्ता के सेमीफाइनल में जानिए कि गुना इस बार किन मुद्दों पर वोट करने वाला है।
गुना में युवाओं में सरकार के प्रति गहरी नाराजगी दिखाई दे रही है। युवाओं ने बताया कि बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है।
सिलाई के एक कामगार ने कहा कि समस्या की कमी नहीं है। साफ सफाई, नगर पालिका में समय पर कोई काम नहीं होता।
एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि बहुत से काम हो गए, बहुत से नहीं हुए हैं। वहीं एक ऑटो चालक ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल से काम अच्छे हुए हैं।
पूरन सिंह ऑटो चालक ने कहा कि जो काम होने चाहिए थे वो नहीं हो रहे। सड़कों का सुधार, साफ सफाई के काम में सरकार पीछे है।
सुबह नाश्ते का काम करने वाले दुकानदार ने कहा - राम राज्य है, जो नहीं होना था वो काम भी हो गए।
गुना के युवाओं ने कहा कि बेरोजगारी बहुत बड़ी समस्या बन गई है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार होना चाहिए। एक युवा ने उदाहरण देते हुए बताया कि लाइब्रेरी में बहुत दिनों से पानी और शौचालय की समस्या थी। कलेक्टर के दौरे पर उन्हें इस समस्या से अवगत कराया गया जिसके बाद शौचालय बन गया। लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी वहां पानी का लाइन नहीं जोड़ा गया जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है।
सरकार में ऐसी कई खामियां हैं कि काम होने के बाद भी रूके रहते हैं। नेता अपने मुद्दों को लेकर लगी रहती है, और जनता के मुद्दों के दरकिनार कर देती है।
शहर में कुछ सार्वजनिक शौचालय हैं साफ सफाई की कमी की वजह से लोग खुले में शौच करना बेहतर समझते हैं।