मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के निधन के बाद मध्यप्रदेश विधानसभा में वास्तु दोष का मुद्दा गर्मा उठा है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर एक बार फिर विधानसभा के वास्तुदोष की बात छेड़ दी है। विजयवर्गीय ने ट्वीट कर कहा, 'सत्यदेव कटारे भी हमारे बीच नहीं रहे। संसदीय नियमों के जानकार श्री कटारे को विनम्र श्रद्धांजलि।नए विधानसभा भवन में विधानसभा लगने के बाद से विधायकों का दु:खद निधन जारी है। यह केवल संयोग है, वास्तुदोष है या कुछ और...???' उधर, कांग्रेस MLA निशंक जैन ने सरकार को सलाह दी है कि, वो इसका उपाय निकाले।
विधानसभा भवन के मनहूस होने का सबसे बड़ा कारण यह बताया जाता है कि इसके बनने के बाद सदन में कभी भी सदस्यों की पूरी संख्या बनी नहीं रही। नए विधानसभा भवन के बाद 30 विधायकों का असामयिक निधन हो चुका है।14वीं विधानसभा में अब तक छह विधायकों का निधन हो चुका है। जून 2016 में नेपानगर से बीजेपी विधायक राजेंद्र दादू की सड़क हादसे में असामयिक मौत हो गई, तो अब भिंड जिले के अटेर से कांग्रेस विधायक सत्यदेव कटारे ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
वर्ष 2013 में शिवराज सरकार के तीसरी बार शपथ लेने के बाद प्रभात पांडे, राजेश यादव, तुकोजीराव पवार, सज्जनसिंह उइके, राजेंद्रसिह दादू और सत्यदेव कटारे निधन हो गया है।