मध्यप्रदेश के पेंच राष्ट्रीय उद्यान में छिंदवाड़ा जिले के हिस्से के गुमतरा कोर एरिया में 22 मार्च की शाम एक वयस्क नर बाघ का शव मिला है। पेंच पार्क के क्षेत्र निदेशक विक्रम सिंह परिहार ने बुधवार को बताया कि गुमतरा कोर परिक्षेत्र में 22 मार्च की शाम को वन अमले को गश्त के दौरान नर बाघ का चार से पांच दिन पुराना शव मिला था।
उन्होंने बताया कि 23 मार्च की सुबह अधिकारियों व स्टाफ ने घटनास्थल के आसपास के करीब एक किलोमीटर के दायरे में खोजी कुत्ते की मदद से तलाश की, लेकिन जांच के दौरान मौके पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। परिहार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम किया गया, लेकिन शव चार से पांच दिन पुराना होने से बाघ की मौत के कारणों का पता लग पाना संभव नहीं है। हालांकि, पोस्टमार्टम में बाघ के सभी अंग (नाखून, बाल, खाल, दांत, आदि) सुरक्षित पाए गए हैं।