मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आए दिन आपराधिक घटनाऐं बढ़ती जा रही हैं। इस बार राजधानी भोपाल से एक 3 वर्षीय बच्चे का संदिग्ध परिस्थितियों में अपहरण कर लिया गया। बताया जा रहा है कि एसयूवी सवार तीन युवकों पर बच्चे के अपहरण का संदेह हैं।
पुलिस को बच्चे के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में अफरा तफरी मच गई। बच्चे की तलाश के लिए पांच थानों की पुलिस को लगाया गया है। लेकिन अभी तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है।
अपहरण की घटना भोपाल के कोलार इलाके के बैरागढ़ चीचली की है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह बच्चा अपने घर से चॉकलेट लेने के लिए निकला था, फिर वापस लौटकर नहीं आया। बच्चे का नाम वरुण मीना है। अपहरण की सूचना मिलने के बाद बच्चे के परिजनों में हाहाकार मच गया। वहीं इस घटना से इलाके में भय का माहौल है।
बच्चे के अपहरण की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक रामेश्वर शर्मा भी बच्चे के घर पहुंचे। विधायक ने परिजनों से मामले की जानकारी ली और डीआईजी भोपाल इरशाद वली से इस घटना पर चर्चा की। बच्चे की सकुशल वापसी के लिए 5 थानों की पुलिस को तलाशी अभियान में लगा दिया गया है।
इस घटना को लेकर मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार का प्रशासनिक नियत्रंण केवल तबादलों तक सीमित है। सरकार के नाक के नीचे मासूम बच्चों का अपहरण और बच्चियों से दुष्कर्म की घटना घटित हो रही हैं।