नाथूराम गोडसे पर साध्वी प्रज्ञा के बयान पर सियासी भूचाल का सिलसिला जारी है। साध्वी प्रज्ञा के बयान पर सियासी हलचल खत्म भी नहीं हुई थी कि अब मध्य प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अनिल सौमित्र ने महात्मा गांधी पर विवादित बयान दे डाला। इसे लेकर पार्टी ने उनपर कार्रवाई भी कर दी। उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया है।
मध्यप्रदेश भाजपा के प्रवक्ता अनिल सौमित्र ने अपने फेसबुक पोस्ट में महात्मा गांधी को पाकिस्तान का राष्ट्रपिता बता दिया था। सौमित्र के इस पोस्ट के बाद हंगामा खड़ा हो गया और भाजपा विपक्ष के निशाने पर आ गई। इसके बाद भाजपा ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
उन्होंने ये पोस्ट देर रात की थी। इस स्क्रीन शॉट में आप देख सकते हैं कि अनिल ने अपने पोस्ट में क्या लिखा था।
मध्यप्रदेश भाजपा की ओर से कार्रवाई के संबंध में अनिल सौमित्र को ये पत्र भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि आपका कृत्य अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है इसलिए आप पर कार्रवाई की जा रही है। अनिल से सात दिनों के भीतर बयान का जवाब भी मांग गया है।
बता दें कि भोपाल से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ने गुरुवार को कहा था कि नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, हैं और रहेंगे। इस बयान पर दिनभर सियासी संग्राम मचा रहा और विपक्ष ने भाजपा पर तीखे हमले किए। साध्वी प्रज्ञा ने पहले तो बयान पर सफाई दी और फिर बाद में माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
साध्वी प्रज्ञा के बयान पर सियासी तूफान थमा भी नहीं था कि प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अनिल सौमित्र ने महात्मा गांधी को पाकिस्तान का राष्ट्रपिता बताकर नया हंगामा खड़ा कर दिया। इसकी परिणाम आज उनके निलंबन के रूप में सामने आया।