भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दोनों ही सोमवार को मध्यप्रदेश में हैं और दोनों ही वहां मौजूद अपने कार्यकर्ताओं सहित जनता को लुभाने की पूरी कोशिश करने में जुटे हैं। अमित शाह के दौरे का सोमवार को दूसरा दिन है जबकि राहुल गांधी मध्यप्रदेश पहुंच कर चुनावी बिगुल फूंकने में जुटे हैं। पांच राज्यों में होने वाला चुनाव कांग्रेस के लिए फिलहाल करो या मरो की स्थिति बनी हुई है।
राहुल ने पीताम्बरा पीठ का दर्शन किया
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनो दो दिनों के ग्वालियर चंबल संभाग के चुनावी दौरे की शुरुआत दतिया में मां पीताम्बरा पीठ मंदिर दर्शन से की। यहां राहुल गांधी आधे घंटे से ज्यादा रुके और मां धूमावती के साथ ही मां पीताम्बरा की पूजा की। इस दौरान उनके साथ कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। पूजा के दौरान राहुल गांधी ने गेरुआ रंग की धोती भी पहनी।
पूजा के बाद उनकी दतिया के स्टेडियम ग्राउंड में एक सभा है। उसके बाद वे डबरा पहुंचेंगे और वहां भी रैली को संबोधित करेंगे। डबरा से शाम सवा चार बजे ग्वालियर के लिए निकलेंगे। इससे पहले ग्वालियर एयरपोर्ट पर एमपी चुनाव अभियान समिति के अध्य़क्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने उनकी अगवानी की।
दो दिनों के दौरे पर मध्यप्रदेश मे हैं राहुल
राहुल गांधी दो दिन दतिया, डबरा, ग्वालियर, श्योपुर, सबलगढ़ और जौरा में संभाएं करने के साथ ही रोड शो करेंगे। ग्वालियर में वे माधवराव सिंधिया की समाधिस्थल पर श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद रोड शो होगा, जो अचलेश्वर शिव मंदिर से फूल बाग मैदान से गुजरेगा। फूल बाग मैदान पर वे आमसभा को संबोधित करेंगे। अगले दिन राहुल सुबह पौने 11 बजे ग्वालियर किले स्थित गुरुद्वारे के दर्शन के लिए जाएंगे।