60 घंटे गुजर जाने के बाद भी वन विभाग की टीम अब तक तेंदुए को नहीं पकड़ सकी है, तेंदुआ अब छतरपुर शहर की पॉश कॉलोनी पैराडाइज सिटी में पहुंच चुका है जहां वह कॉलोनी के अंदर पड़े खाली पड़े एरिया में लगी झाड़ियों में छुपा बैठा है।
60 घंटे गुजर जाने के बाद भी वन विभाग की टीम अब तक तेंदुए को नहीं पकड़ सकी है, तेंदुआ शहर के विभिन्न रास्तों से होता हुआ अब छतरपुर शहर की पॉश कॉलोनी पैराडाइज सिटी में पहुंच चुका है जहां वह कॉलोनी के अंदर पड़े खाली पड़े एरिया में लगी झाड़ियों में छुपा बैठा है। जिसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है।
विज्ञापन
तेंदुए की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की टीम सहित आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। और चप्पे-चप्पे पर निगाह रखे हुए हैं। छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी मौके पर पहुंच चुके हैं जहां उन्होंने जिला वन अधिकारी अनुराग कुमार से बात करते हुए विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना था कि 3 दिन गुजरने को हैं और आप लोग अब तक शहर में तेंदुए को नहीं पकड़ सके। बेहतर होता कि जो हमारे हथियार जमा कर दिए गए हैं वे हमें मिल जाएं तो हम लोग अपनी रक्षा खुद कर सकें। इस तरह तो आप जैसे लोगों की जान लेकर ही मानेंगे।
डीएफओ अनुराग कुमार ने साफ तौर पर कहा कि हमें पुलिस प्रशासन मदद नहीं कर रहा, अगर ये हमारी मदद करें तो शायद हम उसे पकड़ सकें। जिस पर विधायक ने साफ तौर पर कहा कि मैं अभी पुलिस प्रशासन से बात करके पूरा सहयोग करने के लिए कहता हूं।
विज्ञापन
मामले में जब छतरपुर एसपी विक्रम सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि हमें जैसे ही कॉलोनी में तेंदुए की खबर मिली तो पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया है, लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है तो वहीं वन विभाग की टीम उसका पता लगाकर उस पकड़ने में जुटी हुई है।
सूचना मिलते ही पहुंच रही टीम
तेंदुए होने की सूचना मिलते ही टीम पैराडाइज सिटी पहुंच गई थी।
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को वन विभाग के अधिकारियों ने बताया था कि बगिया में पंजे के निशान पाए गए हैं और वह बगिया से होते हुए पास ही लगी वन विभाग की पहाड़ी पर चला गया होगा। लेकिन सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट हो गया है कि तेंदुआ शहर में ही है। तेंदुआ शुक्रवार रात 12.38 बजे के आसपास महोबा रोड पर स्थित आदिनाथ मोटर्स के शो रूम के पास देखा गया। जहां से यह तालाब की ओर चला गया। यानी वह छत्रसाल नगर से यहां पहुंचा था। अब तेंदुए की नई लोकेशन पैराडाइज सिटी बताई जा रही है तो मौके पर पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की टीम सहित आला अधिकारी पहुंच चुके हैं।
सीसीटीवी में कुत्ता बता रहे तेंदुआ, वीडियो वायरल
तेंदुआ समझकर कुत्ते का वीडियो वायरल होने का मामला सामने आया है। छतरपुर शहर के छ्त्रसाल नगर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ की तरह एक कुत्ता घूमता दिखा। कुत्ते की यह लोकेशन रात 10.22 बजे छत्रसाल नगर में मिली, जहां यह वीडियो सोशल मीडिया में तेंदुए के नाम से वायरल हो रहा है। उक्त सीसीटीवी फुटेज सरदार जी के मकान से लिया जाना बताया जा रहा है।
chhatarpur: रात में सड़कों पर घूमता तेंदुआ
- फोटो : अमर उजाला
शहर में तेंदुआ होने की खबर के बाद लोगों में दहशत है। तेंदुए के डर से लोग अपने-अपने घरों में दुबके हैं। उन्हें डर है कि कहीं तेंदुआ किसी पर हमला न कर दे। जिस इलाके में तेंदुआ छिपा बैठा था और निकल कर भागा है वहां जमीन और दीवारों पर तेंदुए के पंजे के निशान दिखाई दे रहे हैं। तेंदुए की लोकेशन अभी छतरपुर शहर ही बताई जा रही है। बीच बाजार तेंदुए के आने से अब लोगों और दुकानदारों-व्यापारियों में दहशत देखी जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों की मानें तो तेंदुए का सबसे पसंदीदा शिकार कुत्ता होता है, लेकिन जिले में तेंदुए ने अभी तक एक भी कुत्ते का शिकार नहीं किया है। ऐसे में डर है कि भूख की वजह से तेंदुआ किसी पर हमला कर सकता है। शहर में तेंदुआ खुलेआम घूम रहा है।