रतलाम में कुएं में गिरा तेंदुआ
- फोटो : सोशल मीडिया
रतलाम जिले की सैलाना तहसील के गांव अम्बाकुड़ी में एक खेत पर बने कुएं में तेंदुआ गिर गया। तेंदुए के कूएं की खबर गांव में फैलते ही मौके पर भीड़ लग गई। मशक्कत के बाद शाम 5 बजे तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया गया।
जानकारी अनुसार रतलाम जिले की सैलाना तहसील के ग्राम अम्बाकुड़ी निवासी कैलाश निनामा के खेत पर बने कुएं में दोपहर करीब एक बजे तेंदुए के गिरने की खबर आई। सूचना मिलने पर जब ग्रामीण तेंदुए को देखने पहुंचे। ग्रामीणों ने देखा कि तेंदुआ कुंए में पानी में नहीं गिरा, बल्कि कुएं भीतरी दीवार के नीचे चट्टान पर बैठा है। बाहर निकलने के प्रयास कर रहा है। तेंदुए के कुएं में गिरने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस व वन विभाग को दी। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए रस्सियों के सहारे कुएं में पिंजरे को लटकाया। साथ ही उज्जैन वन विभाग की टीम को भी सूचना दी गई ताकि तेंदुए को ट्रैंक्यूलाइज उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को कुएं से दूर कर रस्सी से बाउंड्री बना दी ताकि लोग तेंदुए के ज्यादा नजदीक ना जा सकें। तेंदुए को निकालने के लिए कुएं में रस्सियों के सहारे पिंजरा लगाया गया। वन विभाग की रेंजर सीमा सिंह ने बताया सूचना मिलने के बाद वन विभाग के आसपास की रेंज के रेंजर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। विशेषज्ञों की टीम तैयार की गई।
उज्जैन से टीम आने के पहले ही तेंदुआ पिंजरे में कैद
रतलाम जिले के सैलाना के ग्राम अंबाकुड़ी में गिरे तेंदुए का उज्जैन की टीम के पहुंचने के पहले ही रतलाम वन विभाग टीम के रेस्क्यू प्रभारी शंकरलाल परमार एवं टीम ने बड़ी मशक्कत के साथ शाम 5 बजे के करीब तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया। सुरक्षा को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात है। वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर है।