फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज निकलेगा मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा शिवडोला: 27 पौराणिक झांकियों से सजेगा खरगोन, ढोल-ताशा दल बढ़ाएंगे उत्साह

Sun, 30 Aug 2026 07:00 AM IST
खरगोन ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खरगोन

सार

खरगोन में आज मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा 58वां शिवडोला निकलेगा। भगवान सिद्धनाथ महादेव राजसी ठाठ-बाट से नगर भ्रमण करेंगे। 27 झांकियां, नृत्य दल, अखाड़े, ढोल-ताशा और भजन मंडलियां आकर्षण होंगी। 80 से अधिक सेवा मंचों पर श्रद्धालुओं का स्वागत होगा।

विज्ञापन
आज शिवभक्ति में डूबेगा खरगोन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खरगोन शहर के अधिष्ठाता भगवान श्री सिद्धनाथजी महादेव आज, भादौ बदी दूज पर राजसी ठाठ-बाट, लाव-लश्कर और श्रद्धा-भक्ति के साथ नगर भ्रमण पर निकलेंगे। 58वें शिवडोले को लेकर पूरा खरगोन शिवमय हो गया है। मध्यप्रदेश के सबसे बड़े शिवडोले के रूप में प्रसिद्ध इस आयोजन में 27 पौराणिक एवं धार्मिक झांकियां, तीन अखाड़े, 11 नृत्य दल, 10 ढोल-ताशा दल, एक नगाड़ा दल, दो भजन मंडलियां और घुड़सवार शामिल होंगे। वहीं, 80 से अधिक सेवा मंचों के माध्यम से शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया जाएगा।

शिवडोला समिति के अनुसार, भावसार मोहल्ला स्थित श्री सिद्धनाथ महादेव मंदिर के गर्भगृह में सुबह 9 बजे प्रस्थान आरती होगी। इसके बाद भगवान श्री सिद्धनाथजी महादेव और भगवान श्री महाबलेश्वरजी महादेव श्रृंगारित पालकियों में विराजित होंगे। सुबह 10 बजे रुद्राक्ष मित्र मंडल झांझ-मंजीरे, नगाड़े और शंखनाद के साथ पालकी यात्रा की अगवानी करेगा।

सुबह 11 बजे पालकी यात्रा भावसार धर्मशाला प्रांगण पहुंचेगी, जहां अतिथियों और शिवडोला समिति की ओर से मुख्य राजश्री रथ पर महाआरती की जाएगी। इसके बाद भगवान सिद्धनाथजी महादेव नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान करेंगे। सार्वजनिक श्रावण मास समारोह समिति श्री सिद्धनाथ महादेव मंदिर, भावसार मोहल्ला के प्रवक्ता प्रकाश भावसार ने बताया कि शिवडोले के 58वें वर्ष में भगवान और भक्तों के स्वागत के लिए पूरा शहर उत्साह और भक्ति से सराबोर है। नगर में प्रमुख मार्गों को भगवा पताकाओं, बैनर-पोस्टरों और स्वागत सज्जा से सजाया गया है।

कार्यक्रम के तहत सुबह 4 बजे मंदिर स्थापनकर्ता मल्लीवाल परिवार के वंशज गुलाबचंद भावसार और उनके परिजन गर्भगृह में पूजन-अभिषेक करेंगे। सुबह 6 बजे शिवडोला समिति के पदाधिकारी पूजा-अर्चना और अभिषेक करेंगे।

शिवडोला समिति के संरक्षक मनोहर भावसार ने बताया कि मुख्य झांकी पर शिवडोला समिति अध्यक्ष नवनीतलाल भंडारी, मंदिर स्थापनकर्ता परिवार के गुलाबचंद भावसार, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद गजेंद्रसिंह पटेल, विधायक बालकृष्ण पाटीदार, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर, समिति संरक्षक बबलू पाल और नितीन मालवीया द्वारा महाआरती की जाएगी। प्रसाद वितरण के बाद शिवडोला नगर भ्रमण के लिए रवाना होगा।

27 झांकियां और विविध प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण

विज्ञापन

शिवडोले की अगुवाई घुड़सवार निमेश महाजन और अश्विन राठौर करेंगे। मुख्य रथ सहित 27 झांकियों में धार्मिक, पौराणिक और सांस्कृतिक दृश्य देखने को मिलेंगे। इनमें श्री सिद्धनाथ महादेवजी का मुख्य रथ, श्री महाकालेश्वर मंदिर, श्री महाबलेश्वर मंदिर, श्री बड़घाटेश्वर महादेव मंदिर, श्रीकृष्ण-सत्यभामा रथ, नरकासुर झांकी, श्री संत सिंगाजी, श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर, श्री कुबरेश्वर महादेव और मां चामुंडा सहित विभिन्न झांकियां शामिल होंगी।

पढ़ें: निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत खारिज, गिरफ्तारी का खतरा बढ़ा

समिति सचिव विनीत महाजन ने बताया कि गायत्री मंदिर तिराहा, बिस्टान रोड तिराहा और गुरु नानकदेव चौराहा पर स्थायी ट्रस के माध्यम से भव्य आतिशबाजी और पुष्पवर्षा की जाएगी। इस वर्ष समिति की ओर से आठ झांकियां भी तैयार कराई गई हैं। गुरु नानकदेव चौराहा स्थित कालिका माता मंदिर पर मुख्य रथ के पहुंचने पर शिव-शक्ति मिलन होगा। इस दौरान पुजारी विकास भट्ट के आचार्यत्व में धार्मिक आयोजन होंगे और भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी।

गतका, भंगड़ा और गिद्दा रहेंगे विशेष आकर्षण

विज्ञापन

शिवडोला मार्ग पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र के सामने स्थायी मंच से खालसा युद्ध कला गतका के साथ पंजाब के पारंपरिक नृत्य भंगड़ा और गिद्दा की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। पंजाबी साहित्य अकादमी के निदेशक सरदार इंद्रजीतसिंह खनूजा और श्री गुरु सिंघ सभा खरगोन के नेतृत्व में यह विशेष आयोजन होगा।

इसके अलावा गौरिल्ला नृत्य, शिव-पार्वती अघोरी नृत्य, आदिवासी लोकनृत्य, मयूर नृत्य, गणगौर, देशभक्ति और कालबेलिया नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वीर बजरंगी अखाड़ा, गतका अखाड़ा और हिंदू युवा संगठन के कलाकार शौर्य प्रदर्शन करेंगे। रुद्राक्ष मित्र मंडल के 21 नगाड़ों के साथ विभिन्न ढोल-ताशा दल शिवडोले का उत्साह बढ़ाएंगे। वहीं, श्री ओम गुरु म्यूजिकल ग्रुप और संजय नाइक भजन पार्टी भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगी।

80 से अधिक सेवा मंचों पर होगा शिवभक्तों का स्वागत
शहरभर में 80 से अधिक सेवा मंच लगाए गए हैं, जहां शिवभक्तों का स्वागत और सेवा की जाएगी। चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल ने व्यापारी संगठनों से शिवडोला दिवस पर प्रतिष्ठान बंद रखकर इस भव्य आयोजन में शामिल होने की अपील की है। आज निकलने वाला 58वां शिवडोला धार्मिक आस्था, पौराणिक झांकियों, लोकनृत्यों, शौर्य प्रदर्शन और भक्ति की प्रस्तुतियों के साथ खरगोन शहर को शिवमय करेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें