चरित्र शंका के चलते एक युवक द्वारा अपनी प्रेमिका की निर्मम हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने प्रेमिका को सूनसान स्थान पर बुलाया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खरगोन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुंतला रुहल ने बताया कि 5 जनवरी को थाना भीकनगांव पुलिस को सूचना मिली कि झिरन्या रोड स्थित गणपति बेड़ा के सामने तालाब के किनारे झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया गया और जांच शुरू की गई।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को मृतका की नाक से खून निकलता मिला तथा पास ही पलाश की झाड़ियों में उसका दुपट्टा पड़ा हुआ मिला। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की आशंका जताई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका की मौत गला दबाने से होना सामने आया, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।
ये भी पढ़ें: Indore: बसंत उत्सव समिति ने कहा- धार भोजशाला में बसंत पंचमी पर हमारी पूजा खंडित न हो
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल तक आने-जाने वाले मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में मृतका 4 जनवरी को सराफा बाजार, भीकनगांव से पैदल घटनास्थल की ओर जाती दिखाई दी। इसी दौरान जानकारी मिली कि मृतका का ग्राम जामली, थाना पंधाना निवासी योगेश से प्रेम संबंध था और उसे भी घटना के दिन घटनास्थल के आसपास देखा गया था।
इन तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम ग्राम जामली पहुंची और आरोपी योगेश पिता कालू बारे (24) को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे मृतका के चरित्र पर शंका थी, इसी कारण उसने उसे घटनास्थल पर बुलाकर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुंतला रुहल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी भीकनगांव राकेश आर्य के नेतृत्व में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक गुलाब सिंह रावत के नेतृत्व वाली टीम, एफएसएल अधिकारी डॉ. सुनील मकवाना, साइबर सेल और पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।