जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक मिनी बस अनियंत्रित होकर मोटर साइकिल पर पलट गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार हादसा जिला मुख्यालय से करीब 11 किलोमीटर दूर जैतापुर थाना क्षेत्र के मगरिया गांव के पास खंडवा-बड़ौदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि मिनी बस चालक सामने से आ रही एक कार को बचाने का प्रयास कर रहा था, तभी वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर चल रही मोटर साइकिल पर पलट गया। हादसे में मोटर साइकिल पर सवार 40 वर्षीय मोनू और उसकी 16 वर्षीय बेटी अनीता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा मोनू का पति घायल हो गया। दुर्घटना में मिनीबस में सवार 17 अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
ये भी पढ़ें: Tikamgarh News: मुफ्त की मछली नहीं मिली तो ले ली जान! युवक की मौत पर गुस्साए परिजनों ने किया थाने का घेराव
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कुंदन सिंह सिसोदिया ने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है। इनमें से तीन घायलों को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती किया गया है। पुलिस के मुताबिक मिनीबस खंडवा जिले के पीपलोद जा रही थी, जबकि मोटर साइकिल सवार परिवार बड़वानी जिले के जुलवानिया की ओर जा रहा था। बस में सवार लोग एक सगाई समारोह में शामिल होने के लिए यात्रा कर रहे थे। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।