बेटे की चाह में ठगी का शिकार हुआ पिता
- फोटो : अमर उजाला
जिले में पुत्र प्राप्ति की चाह एक परिवार को भारी पड़ गई। आठ बेटियों के पिता एक व्यक्ति कथित तौर पर ठगों के झांसे में आकर 42 हजार रुपये गंवा बैठा। पीड़ित ने अब दमोह कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार बकस्वाहा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी निवासी भागूंता अहिरवार की आठ बेटियां हैं। परिवार में पुत्र की इच्छा के चलते वह ऐसे लोगों के संपर्क में आ गया, जिन्होंने उसे अनाथ आश्रम से बेटा गोद दिलाने का भरोसा दिया। पीड़ित का आरोप है कि कुछ दिन पहले उसके घर भिक्षा मांगने वाले कुछ लोग पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उसने अपनी पारिवारिक स्थिति और पुत्र की चाह का जिक्र किया।
आरोप है कि उन लोगों ने उसे विश्वास दिलाया कि जबलपुर स्थित एक अनाथ आश्रम से कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे पुत्र गोद दिलाया जा सकता है। इसके लिए विभिन्न औपचारिकताओं, दस्तावेजी कार्रवाई और न्यायालयीन प्रक्रिया का हवाला देते हुए उससे रकम की मांग की गई। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उससे दो किस्तों में 40 हजार रुपये और 2,500 रुपये सहित कुल 42,500 रुपये ले लिए।
ये भी पढ़ें: MP News: ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे मंत्री लखन पटेल, जल्द मुआवजे का दिलाया भरोसा
भागूंता अहिरवार का कहना है कि पैसे लेने के बाद आरोपी लगातार उसे आश्वासन देते रहे लेकिन न तो गोद लेने की कोई प्रक्रिया शुरू हुई और न ही कोई बच्चा दिलाया गया। बाद में आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने जवाब देना बंद कर दिया। तब उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।
मामले से परेशान पीड़ित अपने परिवार के साथ दमोह कोतवाली पहुंचा और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। उसने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उसके रुपये वापस दिलाने और ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।