ओंकारेश्वर में शनिवार को एक यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर आदिवासी धर्मशाला की सुरक्षा दीवार से टकरा गई। गनीमत रही कि बस सड़क पर गिरने के बजाय दीवार में फंसी रही, जिससे एक बड़ी त्रासदी होते-होते बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा पुराने बस स्टैंड के पास स्थित आदिवासी धर्मशाला के पार्किंग क्षेत्र में हुआ। करीब 50 से अधिक यात्री बस में सवार थे, जब अचानक बस आगे की ओर सरकती हुई धर्मशाला के सामने सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार पर चढ़ गई। बस का अगला हिस्सा दीवार के बीचोबीच फंस गया, जिससे वह सड़क पर गिरने से बच गई।
ये भी पढ़ें-
उज्जैन पुलिस ने 29 लाख की ट्रक चोरी का किया खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार
घटना के तुरंत बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और बस में बैठे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सकुशल हैं और किसी प्रकार की गंभीर चोट की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि बस दीवार पार कर सड़क पर गिर जाती, तो अनेक यात्रियों की जान जा सकती थी। यह ओंकारेश्वर ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग महादेव की कृपा ही मानी जा रही है कि बस बीच में ही अटक गई और एक भीषण दुर्घटना टल गई।
ये भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश बीजेपी की वेबसाइट हैक, संदिग्ध साइबर हमला, ओपन करने पर- ऑपरेशन बुनयान-अल-मरसूस का जिक्र
इस संबंध में स्थानीय प्रशासन को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है कि बस अनियंत्रित कैसे हुई। प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि बस का ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे वह ढलान की ओर सरकने लगी। ओंकारेश्वर जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर इस प्रकार की घटनाएं भविष्य में न हों, इसके लिए पार्किंग व्यवस्था को लेकर सख्ती बरतने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग भी उठने लगी है।