MP Crime News : महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले में बड़ा खुलासा।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के खंडवा में रविवार रात हुए एक दंपति के साथ लूट और फिर महिला की चाकुओं से गोदकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में महिला का पति ही मास्टरमाइंड निकला, जिसने एक लाख की सुपारी देकर तीन आरोपियों के साथ मिलकर पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया। वहीं, पूछताछ में पता चला कि मृतका के पति ने क्राइम पेट्रोल सीरियल देखकर इस पूरे हत्याकांड की साजिश रची थी, जिसमें हत्यारों को 10 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस ने 24 घंटे के अंदर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया
खंडवा के पद्म नगर थाना क्षेत्र के ग्राम डिगरिस के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक महिला को बेरहमी से करीब 40 से 45 बार चाकुओं से वार कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
इस मामले का खुलासा करते हुए खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी लगते ही पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया था। इस दौरान मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर जांच की गई। जिसके बाद एक संदेही हेमन्त उर्फ कान्हा से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि महिला के पति ने ही एक लाख रुपये की सुपारी देकर ग्राम जामली कला के रहने वाले आर्यन और राजेन्द्र के साथ मिलकर हत्या कराई।
ये भी पढ़ें- MP News: MP में ड्रोन सिस्टम को लेकर HQ IDS का बड़ा सैन्य अभ्यास, ऑपरेशन सिंदूर से मिले सबक होंगे लागू; जानें
राशि आरोपियों से बरामद की
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू और सुपारी के तौर पर दी गई 10 हजार रुपये की राशि आरोपियों से बरामद की। इस दौरान मृतका के पति महेन्द्र ने अपना मोबाइल आरोपी हेमन्त को देकर उसमें दूसरी सिम डलवाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की थी, जिसे जप्त कर लिया गया। पुलिस ने इस मामले में हेमन्त उर्फ कान्हा, आर्यन और मुख्य आरोपी महिला के पति महेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे फरार आरोपी राजेन्द्र की तलाश जारी है। एसपी ने इस मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को नगद इनाम देने की घोषणा भी की है।
ये भी पढ़ें- MP मंत्रि परिषद बैठक: पर्यटक स्थलों को जोड़ने शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा, डॉक्टरों के पद भरे जाएंगे