युवक की मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा
खरगोन जिले के कसरावद ब्लॉक के ग्राम चन्दनपुरी में मछली पकड़ने गए युवक जाफर पिता अनवर का शव गुरुवार को तालाब से बरामद किया गया। युवक पिछले दो दिनों से लापता था। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों और समाजजनों ने जमकर हंगामा किया और हत्या का आरोप लगाते हुए शव लेने से इनकार कर दिया। कसरावद स्थित अस्पताल के पीएम रूम में भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि लापता होने से पहले जाफर का तालाब किनारे स्थित खेत मालिक से विवाद हुआ था। इस विवाद के कारण उन्हें संदेह है कि खेत मालिक ने ही जाफर की हत्या कर उसका शव तालाब में फेंक दिया है। परिजनों और समाजजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए शव लेने से मना कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी मनोहर सिंह बारिया भी मौके पर पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार, जाफर पिता अनवर निवासी संजय नगर, खरगोन, 30 जुलाई को तालाब पर मछली पकड़ने गया था। इस दौरान, वहां एक खेत मालिक के साथ उसका विवाद हुआ था। घटना के समय जाफर के साथ उसके पिता अनवर और अन्य रिश्तेदार भी थे। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट की स्थिति बन गई। आसपास के ग्रामीण भी वहां जमा हो गए। जाफर वहां से बचकर भाग निकला था, लेकिन ग्रामीणों ने उसका पीछा किया था। गुरुवार को उसका शव तालाब में मिला। जाफर के पिता ने खेत मालिक और ग्रामीणों पर हत्या का आरोप लगाया है।
एएसपी मनोहर सिंह बारिया ने बताया कि अनवर ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनका पुत्र जाफर 30 जुलाई की शाम से घर नहीं लौटा है। इस आधार पर थाना कसरावद में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने चंदनपुरी के तालाब के आसपास युवक की तलाश की, और गुरुवार को उसका शव बरामद हुआ। इस मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। युवक की मौत के बाद परिजनों और समाजजनों के हंगामे के बीच पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच का आश्वासन दिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।