नियम विरुद्ध लगे साइलेंसर पर चला ट्रैफिक विभाग का बुलडोजर
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के खंडवा नगर में यातायात पुलिस ने शनिवार को शहर में घूमने वाले बुलेट राजाओं पर ऐसी कार्रवाई की, जिसको लेकर शहर भर में हर कोई ट्रैफिक पुलिस की तारीफ कर रहा है। दरअसल, पुलिस ने बुलेट या इस तरह की गाड़ियों में तेज आवाज वाले और पटाखे फोड़ने वाले साइलेंसर लगाने वालों को सबक सिखाने के लिए उनकी गाड़ियों में से नियम विरुद्ध लगाए गए। साइलेंसर को निकलवा कर उस पर बुलडोजर चलवा दिया।
यही नहीं बसों में भी लगाए गए प्रेशर हॉर्न जिनकी आवाज सुनकर बच्चे बूढ़े सभी को तकलीफ होती थी, उनको निकलवा कर और उन्हें सड़क पर बिछाकर, उन पर भी बुलडोजर चलवा दिया। यातायात पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद बुलेट बाइक से फायर साउंड निकालने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रदेश भर के युवाओं में आज कल अपनी बुलेट बाइक में कंपनी फिटेड साइलेंसर को निकलवाकर, उसकी जगह तेज साउंड बनाने वाला साइलेंसर लगवाया जाना काफी ट्रेंड में है। इसके जरिए युवा बाइक से फायर साउंड निकालने के साथ ही पटाखे फोड़ते देखे जा सकते हैं। ऐसे ही बसों में प्रेशर हॉर्न का चलन भी तेजी से बढ़ा है, जिसकी तेज आवाज से बूढ़े, बच्चों सहित महिलाओं को खासी परेशानी होती है।
खंडवा का ट्रैफिक विभाग इसको लेकर लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस तरह के नियम विरुद्ध लगाए गए करीब 40 प्रेशर हॉर्न सहित 80 साइलेंसर जब्त किए गए थे, जिन्हें नष्ट करते हुए शनिवार को उन पर बुलडोजर चलवा दिया गया। ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई की शहर के लोगों ने जमकर तारीफ भी की, ट्रैफिक पुलिस तरह की कार्रवाई लगातार शहर में जारी रहेगी।
रोलर से की गई नष्टीकरण की कार्रवाई
इधर, इस पूरी कार्रवाई के बारे में बताते हुए यातायात डीएसपी आनंद सोनी ने बताया कि काफी समय से हमारे द्वारा रॉयल एनफील्ड या अन्य मोटर साइकिल जिनमें तेज आवाज वाले साइलेंसर या पटाखे की आवाज वाले साइलेंसर लगाकर लोग घूमते हैं। उन पर लगातार कार्रवाई खंडवा ट्रैफिक विभाग द्वारा की जा रही है। इसी तारतम्य में लगभग 70 से 80 साइलेंसर और 30 से 40 प्रेशर हॉर्न यातायात विभाग द्वारा जब्त किए गए थे, तो आज उनकी नष्टीकरण की करवाई थी। इसमें रोलर से उन सभी को नष्ट किया गया है, जिससे आगे उनका इस्तेमाल नहीं किया जा सके और इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।