प्रतिबंधित क्षेत्र से पकड़ा गया ड्रोन
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के नर्मदा नगर थाना अंतर्गत आने वाली एशिया की सबसे बड़ी जलाशय परियोजना इंदिरा सागर बांध की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है। यहां रविवार शाम नर्मदापुरम का रहने वाला एक व्यक्ति ड्रोन कैमरे से बांध के प्रतिबंधित क्षेत्र में वीडियो शूट कर रहा था। इस क्षेत्र में अचानक बगैर अनुमति ड्रोन उड़ता देख बांधकर्मियों के होश उड़ गए। इसके बाद बांध की सुरक्षा में लगे सीआईएसएफ के जवान हरकत में आए और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ड्रोन कैमरे सहित इसे उड़ाने वाले व्यक्ति को भी पकड़ लिया। उसके बाद नर्मदा नगर थाने को सूचना देकर ड्रोन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार करवा दिया गया।
सुरक्षा दृष्टि से परियोजना क्षेत्र में वीडियो बनाना प्रतिबंधित
जानकारी के मुताबिक, खंडवा जिले की पुनासा तहसील में स्थित इंदिरा सागर जलाशय की सुरक्षा में सेंध का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एशिया की इस सबसे बड़ी परियोजना की सुरक्षा सीआईएसएफ के जरिए करवाई जाती है। यही नहीं सुरक्षा की दृष्टि से इस परियोजना के क्षेत्र में फोटो-वीडियो बनाना प्रतिबंधित भी है। इसी बीच रविवार की शाम इंदिरा सागर बांध परियोजना के ऊपर अचानक ड्रोन कैमरा उड़ता हुआ देखकर यहां तैनात सुरक्षाकर्मी सतर्क हुए और उसे फौरन ही पकड़ने के प्रयास किए गए। उसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने देखा कि इंदिरा सागर बांध परियोजना के सामने स्थित हाई लेवल ब्रिज से एक व्यक्ति ड्रोन कैमरा उड़ाकर परियोजना की वीडियो बना रहा था।
होशंगाबाद का एक व्यक्ति उड़ा रहा था ड्रोन
इंदिरा सागर परियोजना का यह क्षेत्र वीडियोग्राफी के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र माना जाता है। यहां बगैर अनुमति के ड्रोन उड़ाने पर सख्त कार्रवाई की जाती है। साथ ही यहां 24 घंटे सुरक्षा को लेकर सीआईएसएफ के जरिए डैम की निगरानी भी की जाती है। इधर, लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इस ड्रोन कैमरे को पकड़ लिया गया। इसके साथ ही इसे संचालित करने वाले नर्मदापुरम निवासी युवक वरुण कुमार पिता किशन राम को भी पकड़ा गया। इसके बाद सीआईएसएफ के अधिकारियों द्वारा ड्रोन को जब्त कर नर्मदा नगर थाने में पुलिस को सूचना दी गई। उसके बाद रविवार देर रात थाना नर्मदा नगर में आरोपी युवक पर धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया।
सवा लाख का ड्रोन पकड़ा गया
वहीं, नर्मदा नगर थाने के जांच प्रभारी सब इंस्पेक्टर अशोक नर्गावे ने बताया कि एक ड्रोन एचएल ब्रिज नर्मदा नगर पर घुमाया जा रहा था, जिसे धारा 188 के तहत जब्त किया गया है। यहां प्रतिबंधित क्षेत्र में अपने ड्रोन को वरुण कुमार नाम का व्यक्ति उड़ा रहा था। जांच अधिकारी ने बताया कि यह ड्रोन करीब 245 ग्राम वजन का है और उसकी कीमत लगभग एक लाख पच्चीस हजार रुपये है। यह कार्रवाई सीआईएसएफ द्वारा सूचना मिलने पर नर्मदा नगर थाना पुलिस के द्वारा मौके पर पहुंचकर की गई थी।