घटना के बाद लोगों ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश में बड़वानी जिले के सेंधवा शहर थाना अंतर्गत एक मासूम बालिका से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बालिका मानसिक विक्षिप्त भी है, जिसके साथ देर रात एक ऑटो चालक ने बहला-फुसलाकर साथ ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, दुष्कर्मी एक विशेष वर्ग से है, जिसके चलते शहर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई है। हालांकि, फिलहाल पुलिस ने कानून व्यवस्था बना रखी है तो वहीं आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
सेंधवा नगर थाना अंतर्गत मंगलवार देर रात एक नौ साल की मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बालिका मानसिक विक्षिप्त भी है, तो वहीं घटना को अंजाम देने वाला आरोपी एक वर्ग विशेष से संबंध रखने वाला ऑटो चालक है। इधर, घटना की जानकारी लगते ही शहर में हंगामा होने लगा, जिसके बाद समाज जनों में उपजे आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कानून व्यवस्था संभाली और बालिका को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका फिलहाल इलाज जारी है तो वहीं आरोपी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, पॉक्सो एक्ट की धाराओं के चलते पुलिस द्वारा आरोपी की पहचान को फिलहाल उजागर नहीं किया गया है।
वहीं, घटना के बाद से ही समाज जन सदमे में हैं और आरोपी के घर को तोड़ने की मांग के साथ ही उसे फांसी की सजा दिलाए जाने की मांग कर रहे हैं। इसके चलते शहर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में बुधवार सुबह से ही चक्का जाम भी किया गया। हालांकि, बड़वानी एसपी पुनीत गहलोत ने मौके पर पहुंचकर कानून व्यवस्था को संभाला तो वहीं लोगों की भावनाओं को देखते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फिलहाल पुलिस ने कानून व्यवस्था को संभाल रखा है।