फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खजुराहो डांस फेस्टीवल: 20 से शुरू होकर 26 फरवरी तक चलेगा नृत्य समारोह, मंच पर बिखरेंगे कला और संस्कृति के रंग

Fri, 18 Feb 2022 01:31 PM IST
अंकिता विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छतरपुर

सार

48वां खजुराहो नृत्य महोत्सव 20 फरवरी से शुरू होगा। राज्यपाल मंगूभाई पटेल इसका शुभारंभ करेंगे। नृत्य महोत्सव 26 फरवरी तक चलेगा। 
विज्ञापन
48वां खजुराहो नृत्य महोत्सव 2022 (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खजुराहों में होने वाले 48वें नृत्य महोत्सव का शुभारंभ राज्यपाल मंगूभाई पटेल के हाथों होगा। राज्यपाल 20 फरवरी को शाम 7 बजे महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। 20 फरवरी से शुरू होकर नृत्य महोत्सव 26 फरवरी तक चलेगा। इस मौके पर जिले के प्रभारी और प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओम प्रकाश सखलेचा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर और खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा उपस्थित रहेंगे।
विज्ञापन


 संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि 48वां खजुराहो नृत्य समारोह 20 से 26 फरवरी 2022 तक होगा। बीते सालों की तरह इस साल भी इसका आयोजन मंदिर प्रांगण में किया जाएगा। नृत्य समारोह में देश- विदेश के विख्यात कलाकार अपनी नृत्य प्रस्तुतियां देंगे। नृत्य के लिए राष्ट्रीय कालिदास सम्मान और मध्य प्रदेश राज्य रूपंकर कला पुरस्कार भी समारोह में प्रदान किए जाएंगे।

समारोह में भारतीय नृत्य-शैलियों के सांस्कृतिक परिदृश्य एवं कला-यात्रा की प्रदर्शनी कथक पर एकाग्र-नेपथ्य, भारत सहित विश्व के अन्य देशों की कला प्रदर्शनी, आर्ट-मार्ट, कलाकार और कलाविदों का संवाद-कलावार्ता, वरिष्ठ चित्रकार लक्ष्मीनारायण भावसार की कला अवदान पर एकाग्र प्रदर्शनी- प्रणति, देशज ज्ञान एवं परम्परा का मेला-हुनर के साथ कला परंपरा और कलाकारों पर केन्द्रित फिल्मों का उपक्रम-चलचित्र जैसे प्रमुख आयोजन होंगे।
विज्ञापन


प्रमुख सचिव शुक्ला ने बताया कि संस्कृति विभाग की उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद के साथ मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और जिला प्रशासन छतरपुर के संयुक्त प्रयास से नृत्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। खजुराहो नृत्य समारोह की शुरुआत 1975 में मंदिर प्रांगण से ही हुई थी।

कलाकारों को किया जाएगा सम्मानित
राष्ट्रीय कालिदास सम्मान, नृत्य के लिए सुनयना हजारी लाल को वर्ष 2019-20 और शांता-वी.पी. धनंजयन को वर्ष 2020-21 के लिए प्रदान किया जाएगा। साथ ही राज्य रूपंकर कला पुरस्कार वर्ष 2022 के लिए प्रदान किए जाएंगे एवं उनकी कृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

पर्यटन गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे पर्यटक
प्रमुख सचिव शुक्ला के अनुसार प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन का प्रमुख आधार है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के साथ ही कला प्रेमी पर्यटन का लुफ्त भी उठाएंगे। पर्यटन विभाग ने पर्यटकों के लिए क्षेत्र विशेष की सांस्कृतिक धरोहर, परंपराओं, रीति-रिवाजों और खान-पान से रू-ब-रू कराने के सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं।

समारोह के मुख्य आयोजन
समारोह में महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन परियोजना में महिलाओं के लिए 20 फरवरी को 5 किलोमीटर की मैराथन होगी, जिसका उद्देश्य हिंदुस्तान के दिल में आप सेफ हैं के स्लोगन से पर्यटन स्थलों में महिलाओं में सुरक्षा की भावना उत्पन्न करना है।उत्सव में हेरिटेज रन, ग्लेम्पिंग (गलैमर्स कैंपिंग) विलेज टूर, वॉटर राफ्टिंग, ई-बाइक टूर, साइकिलिंग एवं खजुराहो के आस-पास भ्रमण जैसी रोचक गतिविधियों में हिस्सा लेने के साथ स्थानीय संस्कृति, कला और स्थानीय बुंदेली व्यंजनों के स्वाद से पर्यटक परिचित होंगे।

आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से सजेगी शाम

पहले दिन
खजुराहो नृत्य समारोह के पहले दिन 20 फरवरी को स्व. पंडित बिरजू महाराज के शिष्य कलाश्रम नई दिल्ली द्वारा कत्थक समूह और शांता-वी.पी. धनंजयन और साथियों द्वारा भरतनाट्यम समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

दूसरे दिन
दूसरे दिन सुजाता महापात्रा भुवनेश्वर द्वारा ओडिसी, निरुपमा राजेंद्र बेंगलुरु द्वारा भरतनाट्यम-कथक समागमा और जयरामा राव एवं साथी दिल्ली द्वारा कुचिपुड़ी समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

तीसरे दिन
समारोह के तीसरे दिन 22 फरवरी को नीना प्रसाद त्रिवेंद्रम द्वारा मोहिनीअट्टम, पार्श्वनाथ उपाध्याय बेंगलुरु द्वारा भरतनाट्यम समूह और टीना तांबे मुंबई द्वारा कथक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

चौथे दिन
चौथे दिन सोनिया परचुरे मुंबई द्वारा कत्थक, कलामंडलम सुनील एवं पेरिस लक्ष्मी कोट्टायम केरल द्वारा कथकली-भरतनाट्यम, रागिनी नगर नई दिल्ली द्वारा कथक और दानुका अर्यावंसा श्रीलंका द्वारा उदारता नेतुमा नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

पांचवे दिन
समारोह के पांचवे दिन वसंत किरण एवं साथी कादिरी आंध्र प्रदेश द्वारा कुचिपुड़ी समूह नृत्य, शर्वरी जमेनिस और साथी पुणे द्वारा कथक और संध्या पूरेचा एवं साथी मुंबई द्वारा भरतनाट्यम समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

छठवें दिन
छठवें दिन 25 फरवरी को देविका देवेंद्र एस मंगलामुखी जयपुर द्वारा कथक, रुद्राक्ष फाउंडेशन भुवनेश्वर द्वारा ओडिसी समूह और नयनिका घोष एवं साथी दिल्ली द्वारा कथक समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

सातवें दिन
खजुराहो नृत्य समारोह के अंतिम दिन 26 फरवरी को श्वेता देवेंद्र एवं क्षमा मालवीय भोपाल द्वारा भरतनाट्यम-कथक, तपस्या इंफाल द्वारा मणिपुरी समूह और शमा भाटे एवं साथी पुणे द्वारा कथक समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

समारोह में सभी दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। समारोह का सीधा प्रसारण कल्चर डिपार्टमेंट के यूट्यूब और खजुराहो डांस फेस्टिवल के फेसबुक पेज एवं यूट्यूब पर किया जाएगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें