पुलिस के साथ केंद्रीय जवाहर नवोदय विद्यालय प्रिंसिपल
- फोटो : अमर उजाला
कटनी जिले के बड़वारा विकास खंड में केंद्रीय नवोदय विद्यालय है। यहां के विद्यार्थियों ने अपने ही स्कूल के प्रिंसिपल पर हमला बोल दिया। छात्रों ने देर रात उनके आवास पर पथराव किया। प्रिंसिपल का मानना है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार छात्रों को शह देने वाला स्कूल स्टाफ है।
बारहवीं के छात्रों ने किया आवास पर हमला
प्रिंसिपल आरके सेजवार के मुताबिक, बीते कुछ दिन स्कूल में अनुशासन बिगड़ा हुआ था। उसे कायम करने के लिए उनके अभिभावकों को बुला कर हिदायत भी दी थी। लेकिन फेयरवेल पार्टी में बच्चों ने बहुत उत्पात मचाया। उन्हें रोकने पर बारहवीं क्लास के छात्र गुट बना कर रात को नौ बजे प्रिंसिपल के घर पहुंच गए और जमकर गाली-गलौज की। इसके बाद रात को ग्यारह बजे तकरीबन पचास छात्रों ने प्रिंसिपल के घर पर हमला बोल दिया और जमकर पत्थरबाजी की।
खास बात ये है कि इन छात्रों के साथ स्कूल के भी छात्र शामिल थे। साथ ही स्कूल का स्टाफ भी घटनास्थल पर मौजूद था। लेकिन किसी ने भी उन उग्र छात्रों को रोकने की कोशिश नहीं की। देर रात प्रिंसिपल ने बड़वारा थाना को सूचना दी।
केंद्रीय विद्यालय में घटना के बाद से डर का माहौल
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करवाया। हालांकि अभी तक किसी भी छात्र के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस वजह से अभी भी नवोदय विद्यालय में भय का माहौल बना हुआ है। स्कूल के प्रिंसिपल आरके सेजवार के मुताबिक, स्कूल स्टाफ की शह के चलते ही छात्रों ने इस तरह का कदम उठाया है। इस घटना से उनका पूरा परिवार भी भयभीत है।