बारात निकलने से पहले दूल्हे की मौत।
एमपी के कटनी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां शादी की रौनक उस वक्त मातम में तब्दील हो गई जब बारात निकलने से पहले ही दूल्हे की अचानक मौत हो गई। बहोरीबंद थाना क्षेत्र के ग्राम कुआं में हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
घटना शनिवार शाम की बताई है। जहां 27 वर्षीय आशीष सेन की शादी दमोह जिले के पाली बम्होरी थाना क्षेत्र में तय थी। पूरे गांव में शादी की तैयारियां चल रही थी। बैंड-बाजा, नाच-गाना और मेहमानों की चहल-पहल थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। दरअसल सज-धजकर तैयार हुए दूल्हे की बारात निकलने से पहले ‘नहचू’ रस्म पूरी हुई ही थी कि तभी आशीष घर से बाहर निकला उसकी अचानक तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
ये भी पढ़ें-
गांव की कल्याणी महिला को गोली मारने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, खेती के विवाद में किया था हमला
परिजन तुरंत उसे नजदीकी सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही सेन परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों के मुताबिक, आशीष को पहले पथरी की शिकायत थी और हाल ही में फिर से उसे पेट में दर्द और आहार नली की समस्या हो रही थी। जिसका इलाज चल रहा था। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
रविवार को जब आशीष का शव गांव लाया गया तो हर आंख नम थी। शादी के मंडप की जगह अब चिता की लकड़ियां जलीं और दूल्हा जिसकी सजे-धजकर बारात निकलनी थी, उसी की अंतिम यात्रा की तैयारियां होने लगी। माहौल इतना गमगीन था कि पत्थर भी पिघल जाए। कभी-कभी किस्मत ऐसे मोड़ पर ले आती है, जहां शब्द भी साथ छोड़ देते हैं। आशीष की असमय मौत ने केवल एक परिवार ही नहीं, पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
आशीष सेन