सार
पन्ना जिले के कोठी-मझगुआ मार्ग पर ट्रक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में पांच वर्षीय मासूम, ऑटो चालक और एक महिला की मौत हो गई। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
पन्ना जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा पन्ना जिले के ग्राम कोठी और मझगुआ के बीच हुआ।
जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार पांच वर्षीय मासूम और ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला यात्री ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को पहले कटनी जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर तीन घायलों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कटनी पहुंचे मृतक महिला के परिजनों ने बताया कि उनकी भाभी मोहन्द्रा बाजार करने गई थीं। लौटते समय ट्रक और ऑटो की टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें इलाज के लिए कटनी जिला अस्पताल लाया गया था। अस्पताल के मुख्य गेट के पास ही महिला ने दम तोड़ दिया। मृतक महिला की पहचान दिलप्यारी चौधरी के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ेंं- बेल्जियम में दोस्ती, सिंगरौली विवाह, भारतीय रिवाज से संदीप-शेरला बनेंगे जीवनसाथी, मनाई हल्दी की रस्म
वहीं, इस हादसे में घायल पिंकी यादव, प्रीति चौधरी और दुर्गा चौधरी को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पन्ना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। जांच अधिकारी प्रधान आरक्षक शिव कुमार ने बताया कि ट्रक और ऑटो की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य घायलों को जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।