बरही थाना प्रभारी की बहाली की गुहार लगाने एसपी ऑफिस पुहंची महिला आरक्षक।
- फोटो : सोशल मीडिया
कटनी जिले के बरही थाने के प्रभारी पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाने वाली महिला आरक्षक अब फिर बदल गई है। उसने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर थाना प्रभारी के बहाली की मांग की और उन्हें पिता तुल्य बताया है।
जानकारी के अनुसार जबलपुर के कोतवाली थाने में उक्त महिला आरक्षक ने टीआई संदीप अयाची से कथित प्रेम प्रसंग के मामले को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया था। कटनी एसपी ने बरही थाने के टीआई संदीप अयाची को लाइन अटैच कर दिया था और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज केडिया को मामले की जांच सौंप दी थी। पता चला है कि महिला आरक्षक बार-बार अपने बयान बदल रही है। महिला कांस्टेबल ने शपथ पत्र देकर टीआई अयाची की मुश्किलें कम कर दी हैं और अब लाइन हाजिर संदीप अयाची की बहाली के प्रयास कर रही है।
टीआई पर आरोप लगाने वाली महिला आरक्षक सोमवार को एसपी ऑफिस पहुंची थी। उसने एडिशनल एसपी मनोज केडिया को आवेदन पत्र दिया और मांग की कि बरही टीआई संदीप अयाची को बहाल कर दिया जाए। महिला आरक्षक ने बताया कि अयाची उसके पिता तुल्य हैं। उसने बताया कि संदीप अयाची मेरे गार्जियन की तरह हैं और उन्होंने मेरी बहुत मदद की है। मेरी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। भावनात्मक लगाव होने के कारण मैंने आरोप लगा दिए थे वे मेरे पिता तुल्य हैं। जब वह नरसिंहपुर में पढ़ती थी, तब वे वहां के थाने में टीआई थे।
बता दें कि 25 वर्षीय महिला आरक्षक की शादी नहीं हुई है। जबकि 44 साल के थाना प्रभारी के दो बच्चे हैं। पहले दोनों जबलपुर में एक थाने में रहे थे। मीडिया के सामने कांस्टेबल बोली कि उसके और टीआई संदीप अयाची के बारे में जो भी बातें लिखी गईं, वो झूठी और निराधार हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज केडिया ने बताया कि मामले में महिला आरक्षक एसपी कार्यालय आई थी। उसने आवेदन दिया है।
कटनी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया नोटरी शपथपत्र 22 जनवरी को लिखा गया। नोटरी सागर में राजेश कुमार मिश्रा ने नोटराइज्ड किया है। महिला कांस्टेबल नरसिंहपुर गाडरवारा की रहने वाली है। नौकरी जबलपुर में करती है। चर्चा है कि ये नोटरी किसी और ने तैयार कराकर उसे दी है। चर्चा तो ये भी है कि टीआई कटनी में एक बड़े नेता से मुलाकात कर चुके हैं। दो दिन पहले ग्वालियर और डबरा में एक मंत्री से मिलने भी पहुंचे थे।