धीरेंद्र शास्त्री मुस्लिम समुदाय को सुनाएंगे रामकथा
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर धाम के बाबा पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मुस्लिम समुदाय के बीच रामकथा सुनाने की बात कही है। हालांकि, उनका ये एलान काफी विवाद खड़ा करता नजर आ रहा है। कोई उन पर तंज कसते हुए कह रहा है कि बाबा ऐसे हिंदू राष्ट्र बनाएंगे तो किसी ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री की तारीफ करते हुए कहा कि हिंदू-मुस्लिम को जोड़ने की अच्छी पहल।
दरअसल, पूरा विवाद जबलपुर के पनागर से शुरू हुआ। जहां तीसरे दिन शुरू होने वाली रामकथा के बीच पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने श्रद्धालुओं से भरी भीड़ के बीच मुस्लिम समुदाय के बीच रामकथा करने का एलान कर दिया। आपको बता दें, रमजान के पवित्र दिनों में कटनी के टेंट कारोबारी तनवीर खान पंडित धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात करने पनागर पहुंचे हुए थे। जहां उन्होंने मुस्लिमों के बीच रामकथा करवाने के इच्छा जाहिर की थी, जिसे मानते हुए पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भारत के इतिहास में ऐसी कथा पहली बार होगी। जहां अगल-बगल कौन बैठा होगा, किसी को नहीं मालूम होगा।
भगवान की कथा ही एकता और शांति ला सकती है, क्योंकि संसार को जोड़ने का माध्यम सिर्फ कथा है। हालांकि, इस दौरान महाराज जी ने कोई तारीख तय नहीं की, उनकी तीन दिवसीय प्रस्तावित रामकथा कब होगी? माना जा रहा है अगर कथा हुई तो फिर दिव्य दरबार लगने की संभावना बढ़ जाएगी। लेकिन लोगो में चिंता इस विषय को लेकर भी है कि क्या मुस्लिम धर्मगुरु पंडित धीरेंद्र शास्त्री द्वारा सुनाई जाने वाली कथा वो अपने समुदाय के बीच होने की इजाजत देंगे या फिर कथा से पहले एक बड़ा विवाद खड़ा हो जाएगा।