कटनी में अब तक 95 हजार मैट्रिक टन से अधिक गेहूं की खरीदी।
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के कटनी जिले में समर्थन मूल्य पर किसानों ने गेहूं खरीदी केंद्रों में जमकर अपनी उपज बेची है। अब तक 95 हजार मैट्रिक टन से अधिक गेहूं की खरीदी हो चुकी है।
बता दें कि कटनी जिले की 6 तहसील में 85 गेहूं खरीदी केंद्र प्रशासन द्वारा बनाए गए थे, जिसमें करीब 14 हजार किसानों ने अब तक 95 हजार मैट्रिक टन गेहूं बेचा है। हालांकि, शुरुआती दौर में किसानों ने उचित रुझान नहीं दिखाया था। इसकी वजह शासन द्वारा 2275 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदी थी। लेकिन, जैसे ही बोनस राशि 125 रुपए बढ़ाई गई तो किसानों ने केंद्रों में गेहूं बेचने के स्लॉट बुक करते हुए अलग-अलग केंद्रों में पहुंचकर अपनी उपज बेचते हुए शासन की योजनाओं का लाभ उठाया है।
जानकारी के मुताबिक जिले में गेहूं खरीदी के मामले पर सबसे अव्वल ढीमरखेड़ा समिति रही है, जिसने महज 2 केंद्रों से ही 50 हजार क्विंटल से ज्यादा की खरीदी कर डाली। वहीं बड़वारा और रीठी इन मामलों में काफी पीछे रह गईं। समिति प्रबंधक संजय ने बताया कि क्षेत्र में गेहूं की पैदावार काफी है। लेकिन, किसान अपना माल मंडी में बेचने जा रहे थे, जिसके बाद शासन द्वारा 125 रुपयों का बोनस बढ़ाया गया और हमारे द्वारा गर्मी के मौसम को देखते हुए किसानों के लिए पीने के पानी, बैठने और उनकी उपज जल्द से जल्द तुलवाई करवाने समेत अन्य व्यवस्था बनाई गईं। जिससे किसानों ने आकर्षित खरीदी केंद्रों पर आकर गेहूं बेचा, इसलिए हम जिले में सबसे ज्यादा खरीदी कर सके हैं। फिलहाल गेहूं खरीदी का कार्य अपने अंतिम चरण पर है, संभावना है कि जिले में 100 हजार मैट्रिक टन खरीदी हो सकती है।