मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सियासी जमीन पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की सेंधमारी ने उन्हें इंदौर का हीरो बना दिया है। उनके समर्थकों ने जिस तरह से आज उनका स्वागत किया, सोशल मीडिया में वो तुरंत वायरल होने लगा।
दरअसल पश्चिम बंगाल में भाजपा का परचम लहराने वाले कैलाश विजयवर्गीय के आज इंदौर आने पर उनके समर्थकों ने कुछ अलग अंदाज में ही उनका स्वागत किया। यहां एयरपोर्ट के रास्ते में उनके लिए बड़े-बड़े बैनर लगाए गए। इस बैनर में कैलाश विजयवर्गीय एक शेरनी का गला दबाते हुए दिख रहे हैं, फोटो में शेरनी के चेहरे पर ममता बनर्जी की तस्वीर लगाई गई है।
विजयवर्गीय के समर्थकों ने यह पोस्टर लगाकर यह बताने की कोशिश की है कि उनके नेता बंगाल के टाइगर हैं। जिन्होंने वहां पर कई सालों से राजनीति करने वाली ममता बनर्जी की सत्ता का गला दबा दिया। बता दें कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के पास पहले 2 लोकसभा सीटें थीं। समर्थकों का मानना है कि 4 साल की मेहनत के बाद विजयवर्गीय के दम पर ही भाजपा की झोली में 18 सीटें आ गईं।
दरअसल भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी इस बात के लिए कैलाश विजयवर्गीय की सार्वजनिक तौर पर आम सभा में तारीफ कर चुके हैं। शाह कहते हैं कि अगर ममता बनर्जी किसी से डरती हैं तो उसका नाम कैलाश है।