मध्य प्रदेश के झाबुआ में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आदिवासी लोगों के बीच रैली की। हालांकि पीएम ने रैली के चुनाव से संबंधित न होने की बात कही। यहां रैली में उन्होंने एक बच्चे से हाथ में दर्द से बचने के लिए उसे हाथ हिलाने से रोकने के लिए कहा। मोदी ने बच्चे से कहा कि मुझे तुम्हारा प्यार मिला, बेटा। कृपया अपना हाथ नीचे कर लो, नहीं तो दर्द होने लगेगा।
पीएम नरेंद्र मोदी ने बच्चे के हावभाव की सराहना की। इस दौरान उन्होंने बच्चे से कहा कि अगर वह लगातार उनकी ओर हाथ हिलाता रहेगा तो उसके हाथ में दर्द होने लगेगा। गौरतलब है कि मोदी मध्य प्रदेश में 7,550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद झाबुआ जिले में जन जातीय रैली को संबोधित कर रहे थे।
‘मोदी लोकसभा चुनाव का प्रचार करने नहीं आया’
यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास को लेकर कहा कि यह सब डबल इंजन की सरकार के कारण हो रहा है। डबल इंजन की सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है। पीएम ने कहा कि मोदी यहां लोकसभा चुनाव का प्रचार करने नहीं आया है, वह यहां की जनता का विधानसभा चुनाव में जीत के लिए आभार जताने आया है। उन्होंने कहा कि मप्र की जनता ने पहले ही बता दिया है कि उसका मूड क्या है। मोदी ने कहा कि मप्र की जनता ने जितना भरोसा हम पर जताया है, हम प्रदेश के विकास के लिए उतनी ही मेहनत करेंगे।