रायपुरिया थाना क्षेत्र का बताया जा रहा मामला
- फोटो : Amar Ujala
झाबुआ जिले के रायपुरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम देवली में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां ग्राम देवली में कुएं के पास एक नवजात शिशु लावारिस हालत में रोता हुआ मिला। गनीमत यह रही कि समय रहते स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की सतर्कता से बच्चे को सुरक्षित अस्पताल पहुंचा दिया गया। ग्राम देवली निवासी श्रवण तेजा पशुओं के लिए चारा लेने के लिए भूरीघाटी रोड की तरफ गया था। इसी दौरान उसने रमेश भागीरथ के कुएं के पास से किसी नवजात के रोने की आवाज सुनी। आवाज सुनकर वह घबरा गया और तुरंत कुएं के मालिक को सूचना दी कि उनके कुएं के पास कोई बच्चा रो रहा है।
ग्रामीणों में मचा हड़कंप
मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इसके बाद ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि नंदू भाभर को इसकी सूचना दी गई, जिन्होंने तुरंत रायपुरिया पुलिस को इस घटना से अवगत कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रायपुरिया थाना प्रभारी (टीआई) गीता जाटव दल-बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बिना देर किए नवजात शिशु को अपनी कस्टडी में लिया और अपने निजी/शासकीय वाहन से सुरक्षित सिविल अस्पताल पहुंचाया।
ये भी पढ़ें-
MP News: चलते-चलते बंद हुई अर्टिगा, मैकेनिक लेने गए मालिक; लौटे तो कार धू-धू कर जल चुकी थी कार
अस्पताल में भर्ती कराया गया नवजात
सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, मिला हुआ नवजात एक लड़का है। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है, लेकिन बेहतर इलाज और निगरानी के लिए उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया जा रहा है।रायपुरिया टीआई गीता जाटव ने बताया, 'हमने बच्चे को तुरंत अस्पताल लाकर भर्ती करवा दिया है। बच्चा सुरक्षित है और उसकी हालत स्थिर है। लावारिस हालत में बच्चे को यहां कौन छोड़ गया, इस बात की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी का पता लगाकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।' पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को कुएं के पास किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। मामले की जांच जारी है।