जबलपुर जिले में नाबालिग बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर रेलवे में कार्यरत पिता तथा आठ वर्षीय मासूम भाई की हत्या कर दी थी। आरोपी किशोरी ढाई माह बाद हरिद्वार में स्थानीय पुलिस के हत्थे चढ़ गई थी। किशोरी को जबलपुर लाने के बाद आरोपी बॉयफेंड ने जबलपुर पहुंचकर सिविल लाइन थाने में आत्म समर्पण कर दिया था।
जबलपुर के सिविल लाइन थानान्तर्गत 15 मार्च को रेलवे मिलेनियम कॉलोनी निवासी राजकुमार विश्वकर्मा (52) व उनके बेटे तनिष्क (8) की हत्या कर दी गई थी। घर से लापता नाबालिग 15 वर्षीय बेटी ने वॉइस मैसेज से अपने रिश्तेदारों को सूचना दी थी कि पड़ोस में रहने वाले मुकुल सिंह (21) ने पिता व भाई की हत्या कर दी है। पुलिस को घर के अंदर फ्रिज में मासूम बच्चे की लाश मिली थी। नाबालिग लड़की 29 मई को हरिद्वार में स्थानीय पुलिस के हत्थे चढ़ गए थे। आरोपी मुकुल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है। किशोरी को जबलपुर लाने के बाद आरोपी मुकुल ने 31 मई जबलपुर पहुंचकर सिविल लाइन थाने में आत्म समर्पण कर दिया था।
स्क्रैप यार्ड धमाका, एनआईए ने की जांच
अधारताल थानान्तर्गत खजरी-खिरिया बायपास स्थित स्क्रैप यार्ड में रखे सेना के उपयोग के आने वाले खाली बमों में धमाका हो गया था। धमाका इतना तेज था कि यार्ड की छत तथा दीवार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। ब्लास्ट जिस स्थान पर हुआ है, वहां बड़ा गड्ढा हो गया है। शक्तिशाली ब्लास्ट की जांच एनआईए तथा एनएसजी की टीम द्वारा की गई थी। इस घटना में दो व्यक्तियों का शरीर चिथडों में मिला था। शवों की शिनाख्त के लिए दोनों व्यक्तियों का डीएनए टेस्ट करवाया गया था। घटना में भोला नामक मजदूर के मृत होने की संभावना व्यक्त की गई थी, जिसकी डीएनए रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उसके बाद पुलिस ने उनके गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज की थी। यार्ड संचालक मोहम्मद शमीम घटना के बाद से फरार है और उसके दुबई में होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
ओएफके में ब्लास्टः दो मृत, डेढ़ दर्जन कर्मचारी घायल
खमरिया स्थित ऑर्डिनेंस फैक्टरी में 22 अक्तूबर को हुई ब्लास्ट में दो कर्मचारियों की मौत हो गई थी। इसके अलावा डेढ़ दर्जन कर्मचारी घायल हो गये थे। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि पूरी बिल्डिंग उड़ गई थी। हादसा 30 साल पुराने रूसी बम की रिफिलिंग करते समय हुआ। इस घटना में एलेक्जेंडर टोप्पो तथा रणधीर नामक कर्मचारियों की मौत हो गई थी।
ऑटो पर पलटा हाइवा, सात की मौत
जबलपुर जिले के मझगवां थाना अंतर्गत विगत 18 सितंबर को ओवरटेक करते हुए डम्पर अनियंत्रित होकर लोडिंग ऑटो पर पलट गया था। इस घटना में सात व्यक्तियों की मौत हो गई थी तथा ग्राम लुंगी में हुई हृदय विदारक सड़क दुर्घटना में सात व्यक्तियों की मौत हो गई तथा 11 व्यक्ति घायल हो गए। ओवरटेक करते समय डंपर में लोडिंग ऑटो फंस गया। डंपर ऑटो को लगभग 100 मीटर तक अपने साथ घसीटते हुए ले गया। इसके बाद मालवाहक ऑटो के ऊपर डंपर पलट गया था।
ट्रैक्टर पलटने से पांच बच्चों की मौत
चरगवां थानान्तर्गत विगत छह मई को ट्रैक्टर पलटने से पांच मासूम बच्चों की मौत हो गयी थी, जिसके कारण परिवार में आयोजित विवाह की खुशियां मातम में बदल गयी थी। चरगवां थानान्तर्गत तिनेटा गांव में 17 वर्षीय धर्मेन्द्र की बहन का विवाह था। घर में आए मेहमानों के लिए पानी की व्यवस्था करने वह ट्रैक्टर लेकर पानी का टैंकर लेने कुंए पर जा रहा था। इस दौरान रिश्तेदारी में आये हुए बच्चे भी ट्रैक्टर में सवार हो गये। रास्ते में रास्ते में ट्रैक्टर के पलटने से धर्मेन्द्र सहित पांच बच्चों की मौत हो गयी थी।
पति की प्रेमिका का कत्ल
माढोताल थानान्तर्गत 19 दिसम्बर को एक महिला ने अपनी पति की प्रेमिका पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके अलावा महिला ने उसकी सहेली पर भी चाकू से जान लेवा हमला किया था। बिल्डर पति का कंपनी में काम करने वाली एक महिला से अफेयर चल रहा था। पत्नी को जानकारी मिलने पर वह पति की प्रेमिका से मिलने गयी। प्रेमिका उसे अपने सहेली के घर ले गयी थी। इस दौरान पत्नी ने चाकू से हमला कर प्रेमिका की हत्या कर दी। इसके बाद उसकी सहेली पर भी चाकू से प्राणघातक हमला किया। पुलिस ने महिला को सतना रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था।
आठवीं के बच्चे ने चाकू मारकर दूसरे छात्र की हत्या
शहपुरा थाना तीन अक्तूबर को आठवीं में पढ़ने वाले छात्र ने कक्षा 9वीं के पढ़ने वाले छात्र पर चाकू से हमला कर दिया था। घायल छात्र की दूसरे दिन उपचार के दौरान मौत हो गई थी। दोनों छात्र अलग-अलग स्कूल में पढ़ते थे और बात पर उनका विवाद हो गया था। आरोपी छात्र ने घटना के दो दिन पहले मोबाइल पर दूसरे छात्र को जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपी छात्र ने धमकी भरे मैसेज में लिखा था कि कि बाप-बाप होता और बेटा-बेटा होता है। कक्षा आठवीं में पढ़ने छात्र ने मैसेज में जान से मारने की धमकी भी दी थी।
ओवर टेक करने पर छात्र की हत्या
ओवर टेक करने के कारण आरोपियों ने पीएससी की तैयारी कर रहे छात्र की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घमापुर थानान्तर्गत 16 जून की सुबह तड़के आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। बालाघाट निवासी युवराज भूमर्डे का 27 वर्षीय रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में एमसीए पाठ्यक्रम में अध्ययनरत था। वह जबलपुर में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहा था। रात को वह अपने दोस्त के साथ रांझी से घर लौट रहा था। रास्ते में उसने बाइक सवार युवकों को ओवर टेक किया था। इस बात पर बाइक सवार युवकों ने उसका पीछा किया और सतपुला रोड शनि मंदिर के पास धारदार हथियार से हमला की उसकी हत्या कर दी।
शादी से इंकार करने पर युवती की हत्या
ओमती थानान्तर्गत शादी से इंकार करने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर युवती की हत्या कर दी। आरोपी युवक व युवती एक साथ स्कूल में पढ़ते थे और दोनों के बीच दोस्ती थी। दोनों के परिवार के बीच शादी की बात हुई थी परंतु युवती ने इंकार कर दिया था। युवती के द्वारा इंकार किये जाने के आक्रोशित गुलफाम रहीम ने उसकी रेकी प्रारंभ कर दी। आरोपी ने दो जून को घर के समीप ही युवती पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
नर्स ने पुराने प्रेमी से नजदीकी बढ़ाईए ब्रेकअप से नाराज डॉक्टर ने मारी गोली
पुराने आशिक के नजदीकिया बढ़ने के बाद नर्स ने डॉक्टर प्रेमी से ब्रैकअप कर लिया था। ब्रेकअप से नाराज डॉक्टर ने नर्स को सरेआम सड़क पर दो गोलियां मार दी थी। ओमती थानान्तर्गत रसल चौक पर डॉक्टर ने सुबह लगभग दस बजे वारदात को अंजाम दिया था। उस समय नर्स काम पर हॉस्पिटल जा रही थी। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर संदीप सोनी उम्र 34 साल को गिरफ्तार कर दिया था। डॉक्टर को उसके रिश्तेदार ने वारदात के लिए देसी पिस्टल दी थी। पुलिस ने रिश्तेदार के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया था।