मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के बेहदन पुल के पास एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। हादसे एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि भेड़ाघाट भूलन निवासी 24 वर्षीय ऋतिक पटेल, पिता रामकेश पटेल, और मोहनिया निवासी 34 वर्षीय अनिल पटेल बीती रात करीब 9 बजे स्कूटी से अपने गांव भूलन जा रहे थे। जैसे ही वे बेहदन पुल के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऋतिक पटेल को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। वहीं, अनिल पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।