थार जीप से आए युवक खड़े ट्रक से रात के समय डीजल चुरा रहे थे। ड्राइवर के जागने पर आरोपी युवक केन में भरे 300 लीटर डीजल को लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बरगी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामजी यादव उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम शिवपुरवा थाना गोविंदगढ़ जिला रीवा ने लिखित शिकायत की कि वह लगभग डेढ़ दो माह से पाली उमरिया के दुबे जी का चौदह चक्का ट्रक चला रहा है। वह ट्रक क्रमांक MP 54 H 0180 लेकर घंसौर पावर प्लांट राखड़ भरने जा रहा था। रास्ते में रेस्ट एरिया बरगी के पास शाम लगभग 7 बजे पहुंचा ही था कि उसके ट्रक का डिस्क खराब हो गया, इसलिए वह रात होने पर ट्रक में अकेला सो गया।
रात लगभग 12:30 बजे उसके ट्रक के डीजल टैंक के पास से आवाज सुनाई दी, तो वह उठकर देखा कि एक थार जीप क्रमांक MP 20 CK 3300 में ड्राइवर सीट पर एक लड़का बैठा था और 2 लड़के उसके ट्रक के डीजल टैंक को खोलकर डीजल निकाल रहे थे। उसने पूछा कि कौन है, आवाज लगाई तो वे दोनों थार जीप में डीजल का केन रखकर गाड़ी चालू कर भाग गए। वह ट्रक से उतरकर डीजल टैंक के पास गया तो देखा कि डीजल टैंक से लगभग 300 लीटर डीजल गायब था। अज्ञात चोर उसके ट्रक से कीमती 300 लीटर डीजल, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपए है, चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट पर धारा 379 आईपीसी और 3/5 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।