जबलपुर के तिलवारा थाना क्षेत्र स्थित नर्मदा नदी के दद्दा घाट पर नहाने गए तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में 19 वर्षीय शेख साहिल, 16 वर्षीय मोईन खान और 15 वर्षीय शेख आशिक शामिल हैं। नहाते समय एक किशोर गहरे पानी में चला गया, जिसे बचाने के लिए उसके दोनों दोस्त भी नदी में उतर गए, लेकिन तीनों तेज गहराई में डूब गए।
जबलपुर के तिलवारा थाना क्षेत्र स्थित नर्मदा नदी के दद्दा घाट में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने गए तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो किशोर और एक युवक शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि गढ़ा थाना क्षेत्र के मुजावर मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय शेख साहिल, 16 वर्षीय मोईन खान और 15 वर्षीय शेख आशिक आपस में अच्छे दोस्त थे और एक ही इलाके में रहते थे। रविवार दोपहर करीब तीन बजे तीनों दोस्त नर्मदा नदी में स्नान करने के लिए दद्दा घाट पहुंचे थे।
विज्ञापन
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
दद्दा घाट पर वाटर सप्लाई का एक प्लांट बना हुआ है, जिसके पास नदी काफी गहरी है। नहाते समय एक किशोर प्लांट के पास गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दोनों दोस्त भी गहरे पानी में उतर गए। लेकिन गहराई अधिक होने के कारण तीनों खुद भी पानी में डूबने लगे।
लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बच सकी जान
घाट पर मौजूद लोगों ने तीनों को डूबता देखा तो उन्हें बचाने के लिए तुरंत नदी में छलांग लगा दी। लेकिन जब तक लोग उनके पास पहुंचते, तब तक तीनों पानी में डूब चुके थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही तिलवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को नदी से बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक तीनों की डूबने से मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। एक ही मोहल्ले के तीन युवाओं की एक साथ मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।