जबलपुर जिले के गोसलपुर थानान्तर्गत ग्राम अगरिया मझगवां में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से खेत में काम कर रहे दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
गोसलपुर थाना प्रभारी एन आर सिन्हा ने बताया कि ग्राम अगरिया निवासी महेश प्रसाद लोधी (उम्र 50 साल) और तीन मजदूर अगरिया निवासी मुन्नीलाल (उम्र 60 साल), दिलीप बर्मन (उम्र 50 साल), ग्राम सिंदुरसी निवासी शिवचरण यादव काम कर रहे थे। दोपहर 3:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने के कारण महेश लोधी तथा मुन्नी लाल की मौत हो गयी जबकि दो अन्य साधारण रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाकर प्रकरण को विवेचना में ले लिया है।