पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।
- फोटो : अमर उजाला
जबलपुर में शहपुरा टोल नाका के पास बीती शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार जीजा-साले को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज शहपुरा के अस्पताल में जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मेघ निवासी 30 वर्षीय सोनू बनाफर अपने साले नारायण लडिय़ा और गांव के रिश्ते के साले चंदन चौधरी के साथ ग्राम बिलखरवा, शहपुरा में श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद वे चंदन चौधरी की मोटर साइकिल से वापस अपने गांव मेघ लौट रहे थे। बाइक को चंदन चौधरी चला रहा था। शाम करीब 6:30 बजे शहपुरा टोल नाका से थोड़ा आगे पहुंचते ही एक अज्ञात ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीनों बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े।
दुर्घटना में चंदन चौधरी को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि सोनू और नारायण भी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चंदन चौधरी को मृत घोषित कर दिया। सोनू और नारायण का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है।