मध्य प्रदेश हाईकोर्ट (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में बुधवार को तीन नए न्यायाधीशों जस्टिस राजमोहन सिंह, जस्टिस राजेंद्र कुमार चतुर्थ व जस्टिस दुपल्ला वेंकट रमना ने पदभार संभाल लिया। ये तीनों क्रमश: पंजाब हरियाणा, इलाहाबाद व आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट से स्थानांतरित होकर आए हैं।
मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमथ ने अपने कोर्ट रूम में आयोजित समारोह में तीनों को शपथ दिलाई। इसके बाद साउथ ब्लॉक सभागार में तीनों नए न्यायाधीशों ने अन्य न्यायाधीशों व अधिवक्ता समुदाय से मुलाकात की। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान महाधिवक्ता प्रशांत सिंह, डिप्टी सॉलिसिटर जनरल पुष्पेंद्र यादव, एमपी स्टेट बार कौंसिल के प्रवक्ता राधेलाल गुप्ता, हाईकोर्ट बार अध्यक्ष संजय वर्मा, हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार अध्यक्ष अनिल खरे, वरिष्ठ अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष आरपी अग्रवाल ने तीनों न्यायाधीशों के व्यक्तित्व-कृतित्व को रेखांकित किया। इस दौरान रजिस्ट्रार जनरल रामकुमार चौबे, एमपी स्टेट बार कौंसिल के वाइस चेयरमैन व जिला बार अध्यक्ष आरके सिंह सैनी सहित अन्य मौजूद रहे।
34 हुई जजों की संख्या
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति की अनुमति के बाद केंद्रीय विधि एवं न्याय विभाग ने गत दिनों तीनों न्यायाधीशों के स्थानांतरण की अधिसूचना जारी की थी। मध्य प्रदेश हाइकोर्ट में कुल 53 स्वीकृत पदों के मुकाबले महज 31 जज कार्यरत थे। किंतु तीन नए जज आने के बाद यह संख्या बढ़कर 34 हो गई। इसके बाद भी 19 पद रिक्त हैं।