ओवर एज के आरोप में फंसे खिलाड़ी को टीम में किया शामिल
- फोटो : अमर उजाला
अंधेर नगरी चौपट राजा, यह कहावत हॉकी मध्य प्रदेश पर लागू होती है। जिस खिलाड़ी पर फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र बनाकर उम्र कम करने के आरोप लगे थे, उसी को टीम में शामिल किया गया है। शिकायत दस्तावेजों के साथ पेश की गयी थी, जो महीने से लंबित है। इस पूरे मामले में मध्य प्रदेश हॉकी के सचिव लोक बहादुर विश्वकर्मा की अहम भूमिका बताई जाती है।
जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा गांधी मिनी स्टेडियम में संचालित हॉकी फीडर सेंटर में ओम पटवा प्रशिक्षण प्राप्त करता है। उसका चयन चंडीगढ़ में आयोजित 14 सब जूनियर नेशनल चैंपियन में मध्य प्रदेश की टीम में किया गया है। उसके ओवर एज होने के संबंध में जिला खेल एवं युवा कल्याण से शिकायत की गयी थी। जिसकी जांच लंबित बनाई जाती है।
शिकायतकर्मा वसीम अकरम कुरैशी ने बताया कि हॉकी खिलाड़ियों द्वारा फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र द्वारा उम्र कम करने की शिकायत उनके द्वारा की गयी है। सूचना के अधिकार के तहत जिला खेल अधिकारी नर्मदापुरम ने जानकारी प्रदान की थी कि फीडर सेंटर की चयनित टीम के खिलाफ ओम पटवा पिता राजेश कुमार पटवा की जन्म तिथि 14 अप्रैल 2004 है। साल 2017-18 में उसकी उम्र 14 साल है। वर्तमान में मध्य प्रदेश सब जूनियर हॉकी टीम के चयनित खिलाड़ी ओम पटवा पिता राजेश पटवा की उम्र 16 बताई गयी है। समग्र आईडी तथा मध्य प्रदेश शिक्षा पोर्टल में उसकी जन्म तिथि 2008 की प्रदर्शित हो रही है।
इस संबंध में उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग में शिकायत मार्च 2014 में सभी संबंधित दस्तावेजों के साथ की थी। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी नर्मदापुरम ने 3 मई 2024 को नोटिस भेज साक्ष्यों के साथ तीन दिनों में व्यक्तिगत उपस्थिति होने के निर्देश जारी किये थे। व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर सभी दस्तावेज उसकी तरफ से उपलब्ध करवा दिये थे। फिलहाल उक्त जांच लंबित है। फिल्डर सेंटर में जिस खिलाड़ी की उम्र 2017-18 में 14 साल थी, उसकी उम्र साल विगत 6 साल में सिर्फ दो साल ही बढ़ी। इसके अलावा यह भी प्रश्न उठता है कि साल 2008 का जन्म प्रमाण-पत्र किन दस्तावेजों के आधार पर बनाया गया। इस पूरे खेल में मध्य प्रदेश हॉकी के सचिव लोक बहादुर की भूमिका अहम बनाई जाती है। इसके पूर्व भी ओम पटवा का चयन पूर्व में मध्य प्रदेश टीम में हुआ है। पूर्व खिलाड़ियों का कहना है कि साल 2017-18 में ओम पटवा उसके साथ खेलता था।