पुलिस ने इंस्टाग्राम दोस्त के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
- फोटो : अमर उजाला
इंस्टाग्राम में दोस्ती होने के बाद युवक ने शादी का प्रलोभन देकर किशोरी को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद युवक ने शादी से इंकार कर दिया। जिसके कारण किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद इंस्टाग्राम दोस्त के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
घमापुर थाना प्रभारी इंद्रा सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी ने गत 17 दिसंबर की सुबह घर में फांसी लगा ली थी। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया था। पुलिस ने जांच में पाया कि किशोरी की इंस्टाग्राम के माध्यम से हर्ष उर्फ मोन्टू सकतेल उम्र 19 से दोस्ती हो गई थी। युवक ने किशोरी को शादी का झांसा देकर प्रेम जाल में फंसा लिया था। दोनों एक ही समुदाय से थे, जिस कारण से किशोरी तैयार हो गई थी।
ये भी पढ़ें-
गर्दन पर वार से गिरे बाइक सवार पुजारी, सीने में आठ प्रहार कर उतारा मौत के घाट; नाराज ग्रामीणों का अनशन
युवक ने 16 दिसंबर को किशोरी को फोन किया था। बातचीत के दौरान युवक ने किशोरी से शादी करने से इंकार कर दिया था। युवक द्वारा शादी से इंकार करने पर किशोरी मानसिक रूप से पीड़ित व व्यथित हो गई थी। जिस कारण से किशोरी ने दूसरे दिन घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने विवेचना के बाद आरोपी युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।